अवैध वाहन कटान के गोदाम पर हरियाणा पुलिस का छापा
खानपुर। थाना क्षेत्र के गांव काचरौट में बायो डीजल पंप की आड़ में चल रहे चोरी की गाड़ियों के कटान के गोदाम पर हरियाणा पुलिस व स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से छापा मारा। गोदाम से चोरी किए वाहनों के कई राज्यों की नंबर प्लेट और कटे पार्ट्स बरामद हुए। पुलिस ने गैर जनपदीय नंबर प्लेट और कटे हुए पार्ट्स को बरामद कर पंप स्वामी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। छापे के दौरान पंप संचालक और मालिक मौके से भाग निकले।
स्याना - ऊंचागांव नहर मार्ग पर खानपुर थाना क्षेत्र के गांव काचरोट-ठेरा के निकट स्याना क्षेत्र के गांव लोंगा निवासी शेरा सिंह का हिन्दुस्तान बायो ङीजल पम्प है। बताया गया कि बीते दिनों हरियाणा - गुड़गांव के खेड़की क्षेत्र से एक कैंटर चोरी हो गया था। जिसमें जीपीएस लगा हुआ था। शनिवार देर रात गुड़गांव पुलिस जीपीएस के माध्यम से चोरी किए गए कैंटर की खोज में जुटी हुई थी। जिसकी लोकेशन काचरोट के निकट ट्रेस हुई। देर रात खानपुर व नरसेना पुलिस को साथ लेकर गुड़गांव पुलिस ने काचरोट स्थित पंप के पीछे बने एक गोदाम पर छापा मारा। पुलिस ने गोदाम से तलाशी के दौरान भारी मात्रा में चोरी के बाद अवैध रूप से कटान किए गए वाहनों के पार्ट्स और नंबर प्लेट बरामद किए हैं। चोरी के वाहन काटने के धंधे का भंडाफोड़ होने से पूर्व ही अंधेरे के चलते पंप पर मौजूद सभी लोग फरार हो गए। बायोडीजल पंप के गोदाम से भारी संख्या में चोरी के कटे वाहनों का सामान मिलने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार पंप पर अवैध रूप से पेट्रोल की बिक्री की जाती थी, गोदाम को हमेशा बंद रखा जाता था। रात में गोदाम से मशीनें चलने की आवाज आती थी। थाना प्रभारी नरेश शर्मा ने बताया कि पंप स्वामी शेरा सिंह के खिलाफ सबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस का सूचना तंत्र फेल, चौकीदार व बीट इंचार्ज नहीं रख रहे नजर
थाना क्षेत्र के गांव काचरोट के माजरा ठेरा स्थित नहर किनारे बायोडीजल पंप से आमजन तेल डलवाने के लिये पहुंचते हैं। शनिवार रात गोदाम से बरामद सामान ने पुलिस के सूचना तंत्र चौकीदारों, बीट इंचार्जों सहित हल्का प्रभारी तक की पोल खोल कर उजागर कर दी है। बाहरी राज्यों से चोरी कर लाए गए वाहनों को गोदाम पर या अन्यत्र स्थान पर काटकर यहां एकत्र किया जा रहा था। सरकारी सुविधा व संपन्न सुविधाओं से लैस पुलिस का सूचना तंत्र यहां पूरी तरह से फेल साबित हुआ है। गोदाम से मिले पार्ट और नंबर प्लेट सवालिया निशान खडे़ कर रहे हैं।
सीमा विवाद में घंटों उलझी रही पुलिस, आरोपी हुए फरार
नहर के समीप थाना खानपुर, थाना नरसेना व कोतवाली स्याना के अंतर्गत कुछ गांवों की सीमा है। काचरोट का माजरा ठेरा जो बिल्कुल नरसेना थाना की बुगरासी चौकी के बरहाना गांव के समीप है, जो खानपुर थाना के अंतर्गत लगता है। वहीं, दूसरा अलीनगर और भोलिया भी नरसेना थाना के अंतर्गत है। जो खानपुर थाना के बहुत करीब है। जबकि काचरौट, ठेरा गांव नरसेना के समीप है। अब शनिवार रात नहर किनारे सीमा विवाद को लेकर स्याना, नरसेना, खानपुर पुलिस घंटो तक सीमा विवाद में उलझी रही और पंप पर मौजूद सभी लोग फरार हो गए।
सफेदपोशों से जुड़े हो सकते हैं अवैध कटान के तार
भारी मात्रा में अवैध वाहन कटान मिलने के बाद से अब इस धंधे में लगे माफिया के तार खोजने में लगी है। सूत्रों की मानें तो इस मामले के तार कई बड़े सफेदपोशों से जुड़े हो सकते हैं। आरोपी पंप संचालक पूर्व में ग्राम प्रधान भी रह चुका है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।
मामले की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही मामले के सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।
संतोष कुमार सिंह, एसएसपी