शहर के पांच लाख लोगों को पाइप लाइन से मिलेगी रसोई गैस
बुलंदशहर। शहर के पांच लाख लोगों को पाइप लाइन से रसोई गैस मिलेगी। पाइप लाइन बिछाने के लिए सरकार ने अदाणी गैस से अनुबंध किया है। 10 अगस्त के बाद कार्य शुरू होगा। सबसे पहले शहर की 12 बड़ी कालोनियों में गैस पाइप लाइन बिछाई जाएगी।
अदाणी गैस लिमिटेड ने शहर की यमुनापुरम, ज्ञान लोक, लक्ष्मी नगर, टीचर्स कालोनी, रामा एन्क्लेव में करीब 50 किमी लंबी पाइप लाइन बिछाने के लिए प्रक्रिया पूरी कर ली है। बारिश के कारण पाइल लाइन बिछाने के कार्य में देरी हो रही है। बताया जा रहा है कि कार्यदायी संस्था ने 65 किमी लंबी लाइन बिछाने के लिए अनुमति मांगी है। इस कार्य को एक वर्ष पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद अन्य कालोनियों में पाइप लाइन बिछाने की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। अभी तक जिले में अकेले खुर्जा शहर में पाइप लाइन के माध्यम से गैस की सप्लाई दी जा रही है।
2030 तक पूरे शहर में लाइन बिछाने का लक्ष्य
कार्यदायी संस्था के अधिकारियों के मुताबिक पहले फेज का कार्य 10 अगस्त के बाद शुरू कर दिया जाएगा। 2030 तक पूरे शहर में पाइप लाइन बिछाने का लक्ष्य रखा गया है। लक्ष्य को देखते हुए कार्य को तेज गति से पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। लाइन बिछाने का कार्य पूरा करने के बाद इसे मुख्य लाइन से जोड़कर उपभोक्ताओं के घरों में कनेक्शन दिए जाएंगे।
लंबे समय से गैस पाइप लाइन की मांग कर रहे थे लोग
जिले में लंबे समय से लोग गैस पाइप लाइन बिछाने की मांग कर रहे थे। व्यापारियों ने भी इस मुद्दे को कई बार उठाया था। उन्होंने कहा था कि खुर्जा तहसील तक में गैस पाइप लाइन बिछ गई है, लेकिन जिला मुख्यालय पर पाइप लाइन नहीं बिछाई गई है। जबकि पहले जिला मुख्यालय पर बिछाई जानी चाहिए थे। व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि गैस पाइन लाइन बिछने से सिलिंडर बुकिंग और लाने की समस्या भी दूर होगी।
इन कालोनियों के लिए मांगी गई अनुमति
कालोनी का नाम पाइप लाइन की लंबाई
सुशीला विहार 3500 मीटर
रामा एन्क्लेव 3500 मीटर
आरकेपुरम 500 मीटर
इंद्रा नगर 1500 मीटर
मानसरोवर कालोनी 1300 मीटर
पन्नी नगर 1000 मीटर
काला आम से भूड़ चौराहा 2700 मीटर
काला आम से स्नेहा गार्डन 2300 मीटर
अंबा एन्क्लेव 10000 मीटर
देवीपुरा 11000 मीटर
किदवई नगर 8000 मीटर
शांति निकेतन 4000 मीटर
यमुनापुरम 16000 मीटर
कुल 65300 मीटर
आवश्यक कार्रवाई और दस्तावेज प्राप्त करते हुए कंपनी अधिकारियों को गैस पाइप लाइन बिछाने की अनुमति जारी कर दी है। जहां लाइन बिछाई जाएगी, वहां पर सड़कों की मरम्मत का कार्य भी कार्यदायी संस्था ही करेगी। - मनोज रस्तोगी, ईओ, नगर पालिका