नगर कोतवाली निवासी महिला से राजस्थान के जयपुर में प्लॉट दिलाने के नाम पर शातिरों ने 3.34,990 लाख रुपये ठग लिए। पीड़िता ने जब रुपये लौटाने को कहा तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। थाना स्तर से कार्रवाई नहीं होने पर कोर्ट के आदेश पर दो आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
अधिवक्ता वीरेंद्र कुमार कौशिक, हर्षवर्धन सिंह बेदी ने बताया कि नया साठा निवासी हरप्यारी पत्नी जगवीर सिंह ने कोर्ट को बताया था कि सितंबर 2013 में बी ग्रुप इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड अजमेर रोड भांकरोटा जयपुर के डायरेक्टर मनोज वर्मा व भानू प्रताप राठौर पुत्र भूपेंद्र सिंह ने हरप्यारी से संपर्क किया।
आरोपियों ने हरप्यारी को राजस्थान के जयपुर में प्लॉट दिखाया। प्लॉट का रेट 3,004 रुपये प्रति वर्ग गज की दर से 3,33,777 रुपये बताया। प्लॉट खरीदने की एवज में हरप्यारी के पति जगवीर सिंह ने चेक के माध्यम से 29,990 रुपये 14 अक्टूबर 2013 को और एक चेक 15 हजार रुपये का 20 जनवरी 2014 को बुलंदशहर में दिया।
14 जुलाई 2015 को प्लॉट का बैनामा कराने के लिए तारीख तय हुई। आरोपियों ने तय समय पर बैनामा नहीं किया और बकाया राशि 2,90,000 रुपये की मांग की। 5 सितंबर 2015 को बकाया राशि का भुगतान कर दिया लेकिन आरोपियों ने उसकी रसीद नहीं दी।
आरोप है कि तब से आरोपियों ने न तो प्लॉट दिया और न ही रकम लौटाई। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मनोज वर्मा और भानू प्रताप राठौर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।