जहांगीराबाद में धंसी सड़क व पाइप लाइन को ठीक करते पालिका कर्मी। संवाद
जहांगीराबाद। नगर में पानी की टंकी के पास पेयजल लाइन धंसने से दो हजार से अधिक लोगों को पेयजल आपूर्ति नहीं मिली। मंगलवार को दिनभर नगर पालिका कर्मचारी पेयजल लाइन को ठीक करने में लगे रहे, जिसके चलते यातायात भी प्रभावित रहा।
बुलंदशहर बस स्टैंड से पथवारी जाने वाले मार्ग की हालत जर्जर है। मुख्य मार्ग होने के कारण यहां वाहनों का आवागमन भी काफी रहता है। जर्जर सड़क व यातायात के दबाव के कारण सड़क के नीचे से गुजर रही पेयजल लाइन जमीन में ही धंस गई। इससे मोहल्ला आहनग्रान, बालाजी रोड व पथवारी क्षेत्र के सैकड़ों घरों में पानी की आपूर्ति ठप हो गई। मंगलवार को नगर पालिका ने पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य शुरू किया। दिनभर पाइपलाइन की मरम्मत के कारण यातायात प्रभावित रहा। वहीं, सोमवार शाम से मंगलवार तक करीब दो हजार लोगों को पेयजल की आपूर्ति नहीं मिली। नगर पालिका के ईओ मणी सैनी का कहना है कि पेयजल लाइन के धंसने के कारण कुछ मोहल्लों में परेशानी हुई थी। फिलहाल, सभी मोहल्लों में पानी की आपूर्ति सुचारू कर दी गई है।