संवाद न्यूज एजेंसी
अनूपशहर। बहन को बस में बैठाने आए युवक को तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप ने रौंद दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की अलीगढ़ हायर मेडिकल सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करने की बात कह रही है।
थाना क्षेत्र के गांव सुनाना निवासी 25 वर्षीय प्रशांत कुमार बुधवार को अपनी बहन को बस में बैठाने के लिए कलां बंबे पर आया था। उसी दौरान उसे तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। घटना में वह गंभीर रुप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। सीएचसी से प्रशांत को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया। जहां, देर रात उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने बृहस्पतिवार को गमगीन माहौल में उसका मस्तराम घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। मृतक के पिता अखिलेश दिल्ली पुलिस में एसआई पद पर तैनात हैं।