संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति से अज्ञात शातिरों ने बेटे की दोनों पैरों की दिव्यांगता समाप्त करने के नाम पर 93 हजार रुपये की ठगी कर ली। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रामा एंक्लेव निवासी शिवकुमार ने बताया कि उनका छह वर्षीय बेटा दोनों पैरों से दिव्यांग है। गत 27 अप्रैल को पीड़ित की कालोनी में दो अज्ञात लोग घूम रहे थे। जिन्होंने पीड़ित के पास आकर कहा कि वह दिव्यांग लोगों का इलाज करते हैं और दिव्यांगता समाप्त करने की दवा देते हैं। साथ ही आरोपियों ने कहा कि तुम्हारा बेटा सही हो जाएगा। कुछ दवा देकर आरोपी चले गए। इसके बाद गत दो मई को आरोपी फिर से पीड़ित के पास आए और कहा कि उनकी डॉक्टर साहब से आपके बेटे के संबंध में बातचीत हो गई है। बच्चे की दिव्यांगता सही करने के लिए 1.50 लाख रुपये की एक मशीन आएगी।
पीड़ित ने उनकी बातों पर भरोसा कर उस दौरान उन्हें 50 हजार रुपये दे दिए। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग समय पर पीड़ित से मोबाइल के माध्यम से 43 हजार रुपये दवा और मशीन के नाम पर ले लिए। यानि आरोपियों के पास कुल 93 हजार रुपये चले गए। लेकिन न तो पीड़ित को मशीन मिली और न ही कोई दवा आई है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ ठगी की है। नगर कोतवाल ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जल्द ही आरोपियों की शिनाख्त कर गिरफ्तारी कर ली जाएगी।