संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने शनिवार को दो घंटे कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में जिला अस्पताल और जिला महिला अस्पताल के फार्मासिस्ट भी शामिल रहे।
डिप्लोमा फार्मासिस्ट पिछले काफी समय से विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। शनिवार को प्रांतीय आह्वान पर फार्मासिस्ट जिला अस्पताल परिसर में एकत्र हुए। इसके बाद सुबह आठ बजे से 10 बजे तक दो घंटे कार्य का बहिष्कार कर अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कारण सुबह के समय मरीजों को दवा लेने के लिए भटकना पड़ा। हालांकि शनिवार सुबह मरीजों की संख्या अन्य दिनों की अपेक्षा काफी कम रही। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ. जगदीश पाल तेवतिया व प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. डीके दूबे ने बताया कि लगातार चेतावनी के बाद भी सरकार उनकी न्यायोचित मांगों को लेकर उदासीन बनी हुई है। इसके चलते मजबूर होकर दो घंटे कार्य बहिष्कार कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में एसोसिएशन के मंत्री डॉ. मनोज शर्मा, संरक्षक डॉ. विपिन गुप्ता, डॉ. मदनलाल, डॉ. शैलेंद्र, डॉ. मनोज चौधरी, डॉ. नवीन शर्मा, डॉ. प्रदीप और डॉ. ब्रह्मस्वरूप आदि मौजूद रहे।