खुर्जा। शिकारपुर मार्ग निर्माण कार्य के बंद होने के विरोध में बृहस्पतिवार को स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने इसके लिए लोक निर्माण विभाग एक्सईएन हेमंत सिंह को ज्ञापन सौंपा। साथ ही जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
खुर्जा से शिकारपुर की ओर जाने वाला संपर्क मार्ग करीब 25 किलोमीटर लंबा है, जहां से 70 से अधिक गांव के लिए रास्ता जाता है। यह मार्ग करीब 12 साल से जर्जर पड़ा हुआ था। इसके निर्माण के लिए विधायक मीनाक्षी सिंह ने शासन को ज्ञापन भेजा था, जिस पर पिछले साल निर्माण की मंजूरी मिल गई। करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से मार्ग के चौड़ीकरण और नवीनीकरण के लिए बजट पास हो गया।
फरवरी 2025 को विधायक मीनाक्षी सिंह ने इस सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया। इसमें दो महीने तक निर्माण कार्य चलता रहा, लेकिन 1 अप्रैल से यह कार्य बंद हो गया। पिछले एक महीने से निर्माण कार्य बंद पड़ा है। ऐसे में लोगों को डर है कि कार्य अधूरा नहीं छूट जाए। इसलिए बृहस्पतिवार को स्थानीय लोग एक्सईएन कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया।
उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा और शीघ्र सुनवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस दौरान सुभाष सिंह, नरेश कुमार, पंचम सिंह, जितेंद्र, राज बहादुर, रामकुमार, विजय कुमार, ऋषिपाल सिंह आदि मौजूद रहे।