बुलंदशहर/सिकंदराबाद। नेशनल हाईवे-34 पर स्थित चिन्हित छह ब्लैक स्पॉट पर फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। निर्माण में कुल 25 करोड़ रुपये खर्च होंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इस माह के अंत तक कार्य शुरू हो सकता है।
गाजियाबाद-अलीगढ़ (नेशनल हाईवे 34 ) पर विभिन्न स्थानों पर लगातार हादसे हो रहे थे। इसे रोकने के लिए ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए थे। सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र स्थित ब्लैक स्पॉट पर प्रतिमाह औसतन 50 हादसे हो रहे थे। फैक्टरियों पर आने वाले कर्मचारियों की संख्या अधिक और वाहनों की रफ्तार भी तेज होने के चलते हादसे में लोग अपनी जान गंवा रहे थे। हादसों पर अंकुश लगाने के लिए इन स्थानों पर लंबे समय से फुटओवरब्रिज के निर्माण की मांग की जा रही थी।
करीब एक साल पहले राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से प्रक्रिया शुरू की गई थी। फिलहाल छह स्थानों पर फुटओवरब्रिज निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। गाजियाबाद के लालकुआं से लेकर अलीगढ़ तक इस हाईवे पर छह फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक दादरी के धूम मानिकपुर, भील अकबरपुर, सिकंदराबाद के औद्योगिक क्षेत्र स्थित तेल मील, नवीन सब्जी मंडी, गांव दरियापुर, खुर्जा देहात क्षेत्र में यज्ञदत्त आयुर्वेद महाविद्यालय के पास फुटओवर ब्रिज का निर्माण कराया जाएगा।
अड़ौली चौराहा और ठंडी प्याऊ पर फ्लाईओवर की मांग
नेशनल हाईवे पर आईपी कालेज, बुलंदशहर की ओर प्रवेश के दौरान अड़ौली चौराहा और ठंडी प्याऊ पर भी मामन रोड के लिए कट दूर होने के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। इन स्थानों पर फ्लाईओवर के निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम अधिकारियों ने नहीं उठाया है। इन स्थानों पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। गांव मरगूबपुर निवासी आसिफ ने बताया कि चौराहे पर वाहनों के सुगम संचालन के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में आवश्यक है कि यहां भी फ्लाईओवर का निर्माण कराया जाए।
लिंक हाईवे का भी नहीं शुरू हुआ काम
नेशनल हाईवे 34 और नेशनल हाईवे 334 (बुलंदशहर-मेरठ) को जोड़ने के लिए गांव दरियापुर के पास से प्रस्तावित लिंक हाईवे का निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हुआ है। अभी भी मेरठ से अलीगढ़ और बुलंदशहर होकर गाजियाबाद की ओर जाने वाले वाहन चालकों को भूड़ चौराहा से होकर गुजरना पड़ रहा है। ऐसे में भूड़ चौराहे पर वाहनों का दबाव बढ़ रहा है और लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है।
नेशनल हाईवे 34 पर छह स्थानों पर फुट ओवरब्रिज का निर्माण किया जाना है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। निर्माण पर करीब 25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। लगातार हो रहे हादसों को रोकने के लिए फुट ओवरब्रिज निर्माण के लिए कदम उठाया गया है। - अनिरुद्ध सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर, क्यूब हाईवे