फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bulandshahar News: शहर में सुधरे हालात तो देहात में बिजली कटौती के खिलाफ प्रदर्शन

विज्ञापन
बुगरासी बिजलीघर पर धरने पर बैठे भाकियू कार्यकर्ता और किसान।  संवाद
विज्ञापन
बुलंदशहर/बुगरासी/जहांगीरपुर/जहांगीराबाद। भीषण गर्मी में शहर में बिजली कटौती के हालात में सुधार हुआ है, लेकिन ग्रामीणों क्षेत्रों में अभी भी बिजली संकट जारी है। बिजली कटौती के खिलाफ बुगरासी के बिजलीघर पर किसानों का धरना शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन जारी रहा। जबकि जहांगीराबाद के गांव गहना गोवर्धनपुर में भाकियू टिकैत गुट की ओर से पंचायत करते हुए ट्यूबवेलों पर मीटर लगाने, किसानों पर मुकदमे दर्ज कराने का विरोध किया।
विज्ञापन




जिले में बढ़ती गर्मी के बीच बिजली संकट से लोग परेशान हैं। बढ़ते तापमान के बीच बिजली की अघोषित कटौती के कारण लोग आए दिन प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछले दो दिन से मौसम में परिवर्तन के साथ शहर में बिजली सप्लाई की स्थिति में तो सुधार हो गया, लेकिन देहात क्षेत्र में अभी भी बिजली संकट जारी है। पिछले दो दिन में जिला मुख्यालय पर बमुश्किल चार घंटे की कटौती लोगों को झेलनी पड़ी है। हालांकि इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में आठ से 10 घंटे की बिजली कटौती होने से किसान लगातार परेशान हैं।
गांव गहना गोवर्धनपुर में बिजली की समस्याओं को लेकर आयोजित पंचायत में भाकियू टिकैत गुट के जिलाध्यक्ष अरब सिंह ने कहा कि किसानों की ट्यूबवेलों पर जबरन मीटर लगाए जा रहे हैं। जल्द ही किसान ट्यूबवेलों पर लगे मीटर उखाड़ेंगे। कहा कि यदि ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने समस्या का समाधान नहीं किया और किसानों पर दर्ज बिजली चोरी के मुकदमे खत्म नहीं कराए तो किसान उग्र प्रदर्शन करेंगे। मौके पर दयाचंद त्यागी, बिजेंद्र सिंह, बिशन सिंह सिरोही, रिंकू सिंह, सुरेंद्र, अजय सिरोही, रमन सिंह, आलोक मौजूद रहे।
विज्ञापन






किसानों ने प्रदर्शन कर की नारेबाजी

बुगरासी विद्युत उपकेंद्र पर भारतीय किसान यूनियन (हरपाल सिंह गुट) का धरना शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। धरने में खेतों के ऊपर से जा रही जर्जर लाइन से लेकर किसानों से बिजली संबंधित काम करने के लिए ऊर्जा निगम के कर्मचारियों पर रिश्वत लेने का आरोप लगाते हुए दूसरे दिन भी किसानों ने प्रदर्शन किया। गुस्साए किसानों ने 10 जून तक का अल्टीमेटम देते हुए बिजलीघर पर धरना जारी रखा। इस दौरान उप खंड अधिकारी की ओर से किसानों से ज्ञापन लेकर धरना समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन किसानों ने धरना समाप्त करने से इन्कार कर दिया। भाकियू के मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि ऊर्जा निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों के रवैये से किसान परेशान हैं। बिना रिश्वत के कोई काम नहीं किया जाता है। अघोषित कटौती की जाती है। कहा कि 10 जून को ही महापंचायत करते हुए उच्चाधिकारियों से वार्ता की जाएगी और उससे पहले धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। मौके पर नरेश कुमार, सुनील कुमार, राजकुमार, सत्येंद्र कुमार, अमीचंदत, जगदीश चंद मौजूद रहे।



12 गांवों में आपूर्ति ठप, पानी को तरसे लोग

जहांगीरपुर क्षेत्र में बुधवार रात को तेज आंधी बारिश के बाद खंभे व बिजली के तार टूटने के बाद शुक्रवार को भी बिजली कटौती से लोग परेशान रहे। क्षेत्र के चिंगरावली फीडर से जुड़े 12 गांवों के लोगों को दिन भर बिजली कटौती से परेशान होना पड़ा। इसके उस्मानपुर, मुमरेजपुर, चिंगरावली, गोविला, कपना, रखेड़ा, छपना समेत अन्य गांवों में पानी के लिए भी परेशान होना पड़ा। इसके अलावा खुर्जा में मरम्मत कार्य के चलते ऊर्जा निगम की ओर से शुक्रवार सुबह तीन घंटे शटडाउन लिया गया। इसके अलावा भी दिन भर करीब तीन से चार घंटे तक बिजली गुल रही और रात में तीन घंटे सप्लाई नहीं दी गई।



ट्रांसफार्मर बदलने के चलते बाधित रहेगी सप्लाई

नगर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित बिजलीघर पर ट्रांसफार्मर के सुरक्षा उपकरणों की मरम्मत के चलते शनिवार को बिजली सप्लाई प्रभावित रहेगी। एक्सईएन अभिषेक कुमार ने बताया कि सुबह छह से नौ बजे तक मरम्मत कार्य के चलते अकबरपुर, कमालपुर एवं गंगा नगर से जुड़े पांच हजार से अधिक लोगों को बिजली कटौती से परेशानी झेलनी पड़ेगी।



बिजली सप्लाई की स्थिति में सुधार किया जा रहा है। शहर के साथ देहात की बिजली सप्लाई भी काफी ठीक हुई है। जल्द ही पूरे जिले में लोगों को बेहतर बिजली सप्लाई दी जाएगी। सैयद अब्बास रिजवी, चीफ इंजीनियर, ऊर्जा निगम
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें