जनपद के घरेलू गैस उपभोक्ताओं को अब एजेंसी पर जाकर अपनी आय बतानी होगी। इसके लिए फार्म भरना होगा, जिसमें पैन कार्ड नंबर और आय का ब्योरा देना होगा।
आय संबंधी फार्म एजेंसियों पर पहुंच गए हैं। 10 लाख सालाना आय वाले उपभोक्ताओं की सब्सिडी बंद होगी। पेट्रो कंपनियों ने गैस एजेंसी को आदेश जारी किए हैं कि वह उपभोक्ताओं से आय संबंधी फार्म भरवाएं।
इस फार्म में उपभोक्ता को अपना पैन नंबर और आय का ब्योरा देना होगा। खास बात यह है कि यदि यदि आय का ब्योरा गलत दिया गया तो कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है।
साथ ही उपभोक्ता की पत्नी भी यदि नौकरी करती है तो उसकी आय का ब्योरा भी देना होगा। दोनों की आय मिलकर 10 लाख रुपये प्रतिवर्ष बनती है तो उन्हें भी सब्सिडी की श्रेणी में नहीं रखा जाएगा।
पेट्रो कंपनियों ने जनपद की सभी 50 एजेंसियों पर 4.20 लाख फार्म पहुंचा दिया है। फार्म भरने का काम एक मार्च से शुरू होगा।
तिरुपति गैस एजेंसी के संचालक मुकेश गुप्ता ने बताया कि आय संबंधी फार्म सभी उपभोक्ताओं को भरना जरूरी है। उन्होंने उपभोक्ताओं से एजेंसी पर पहुंचकर फार्म भरने का आह्वान किया है।