बुलंदशहर। नगर की बीसा कॉलोनी में जलभराव के खिलाफ शुक्रवार को कॉलोनी के लोगों ने पानी में खड़े होकर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि लगातार शिकायतों के बाद भी अधिकारी लोगों की समस्या का समाधान नहीं कर रहे हैं। चेतावनी दी कि यदि सड़क पर भरा पानी नहीं निकलवाया गया तो वह डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। वहीं, सिटी मजिस्ट्रेट ने समस्या के समाधान के लिए सीडीओ को पत्र लिखा है।
नगर की बीसा कॉलोनी में शुक्रवार को लोगों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कॉलोनी निवासी आकिल ने कहा कि कॉलोनी की मुख्य सड़क जलभराव के कारण बर्बाद हो चुकी है। लोग सड़क पर भरे पानी के कारण निकलने में परेशान हो रहे हैं, लेकिन अधिकारी इस पर कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं। कॉलोनी निवासी हर्षवर्धन ने कहा कि लोगों की शिकायत के बाद भी अधिकारी गहरी नींद में हैं। लोगों से नगर के अनुसार स्टांप शुल्क की वसूली की जाती है, लेकिन सुविधाओं के नाम पर गांव से भी बदतर हालात हैं। एडवोकेट कोमल गुर्जर ने कहा कि अधिकारियों के साथ सरकार को भी ज्ञापन भेजा गया, लेकिन शासन स्तर से भी इस पर कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। सरकार लोगों के साथ भेदभाव कर रही है। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही जलभराव को दूर नहीं किया गया तो वह डीएम कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। मौके पर राम सिंह, फहीम अल्वी, अजय, फारुख, अमजद, आलम खां, शौकीन, मोहसिन, आरिफ उपस्थित रहे। इसके लिए सिटी मजिस्ट्रेट चंद्रप्रकाश प्रियदर्शी ने बताया कि लोगों द्वारा दिए गए ज्ञापन के आधार पर सीडीओ को पत्र लिखा है। कॉलोनी नगर पालिका सीमा क्षेत्र से बाहर है, ऐसे में डीपीआरओ के माध्यम से ही समस्या को दूर कराया जाएगा।