औरंगाबाद। क्षेत्र में चोरों के आने की सूचना से लोग परेशान हैं। स्थिति यह है कि सोमवार रात मैथना जगतपुर में लोगों ने टैक्सी चालक को चोर समझकर पीट दिया। चोरों के आने की अफवाह के बीच लोग रात में पहरा देने के लिए मजबूर हैं।
गांव रजवाना निवासी जाकिर टैक्सी चालक हैं। सोमवार रात डेढ़ बजे वह सवारियों को छोड़कर गांव लौट रहे थे। रास्ते में शौच करने के लिए गाड़ी साइड में खड़ी कर दी। इसी दौरान गांव के लोग मौके पर आ गए और चोर समझकर उनकी पिटाई कर दी। ग्रामीणों ने थाना पुलिस को फोन कर सूचना दी कि चोर को पकड़ लिया है। दो गाड़ी पुलिस गांव पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले आई।
पूछताछ में पता चला कि युवक किराए पर टैक्सी चलाता है। पुलिस ने जांच करके उसे छोड़ दिया।
गांव पोथ में रात करीब नौ बजे चोरों के गांव में आने की अफवाह फैल गई। चोरों के आने की जानकारी पर पूरे गांव के लोग सड़क पर आ गए। ग्रामीणों ने ईख के खेत में चोरों के घुसने का दावा किया लेकिन चोर ग्रामीणों के हत्थे नहीं चढ़े। गांव रामगढ़ में पिछले एक सप्ताह से चोरों के आने की अफवाह फैल रही है।
धर्मेंद्र ठाकुर ने बताया कि गांव में रोजाना पहरा दिया जा रहा है। गांव चरोरा मुस्तफाबाद, खनौदा, मोहल्ला अजीजाबाद, रतनपुर, वाल्मीकि चौक, इलना, बालका, तालमनगर, सुरजावली, नौबतपुर में ग्रामीण रात तीन बजे तक पहरा दे रहे है।
एएसपी ऋजुल ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।