बुलंदशहर। जिले में दो माह बाद शासन से हेपेटाइटिस जांच के लिए 500 किट प्राप्त हो गई। किट मिलने पर पिछले दो माह से बंद चल रही हेपेटाइटिस बी एवं सी का वायरल लोड लेकर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हेपेटाइटिस जांच की किट मिलने पर मरीजों को भी राहत मिली है।
जिला चिकित्सालय के कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध होने के बाद बजट और जांच की प्रक्रिया मेडिकल कॉलेज को स्थानांतरित कर दी गई थी। इसके बाद भी हेपेटाइटिस बी एवं सी के वायरल लोड की जांच शुरु नहीं हो सकी। पिछले दो माह पूर्व से वायरल लोड लेकर मेरठ मेडिकल कॉलेज भेजे जा रहे थे। वहां पर जांच न होने पर भेजे गए सैंपल खराब हो गए। सीएमओ कार्यालय से बजट मिलने पर मेडिकल कॉलेज ने किट मंगवा ली है। नोडल अधिकारी डॉ. रमित कुमार ने बताया कि वायरल लोड जांच की प्रक्रिया शुरू करा दी है। किसी मरीज ने दो माह के दौरान जांच को सैंपल दिया हो और रिपोर्ट नहीं मिली है तो ऐसे मरीज दोबारा वायरल लोड दे सकते हैं।