अहमदगढ़ पीएचसी पर मरीज की जांच कर परामर्श देते चिकित्सक। संवाद
बुलंदशहर/पहासू/नरसेना/अहमदगढ़। जिले के 71 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन-आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। आरोग्य मेले में बुखार, त्वचा रोग, सर्दी-जुकाम समेत अन्य बीमारियों के करीब चार हजार मरीजों ने पहुंचकर प्राथमिक उपचार कराया। इस दौरान पहासू के बनैल पीएचसी पर फार्मासिस्ट ने और नरसेना के दौलतपुर कलां पीएचसी पर सीएचओ ने परामर्श दिया।
नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र समेत जिलेभर में संचालित समस्त पीएचसी पर रविवार को आरोग्य मेला लगा तो मरीज परामर्श लेने पहुंचे। नगर के शास्त्री नगर, कृष्णा नगर, बीसा काॅलोनी एवं सरायधारी स्थित नगरीय पीएचसी पर मरीजों ने पहुंचकर परामर्श लिया। पहासू क्षेत्र के गांव बनैल स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सुबह 11:30 बजे फार्मासिस्ट दुर्गेश गौड़ मरीजों को परामर्श देते नजर आएं। मरीज बिरजू ने बताया कि त्वचा रोग होने पर उपचार कराने आया हूं।
फार्मासिस्ट दुर्गेश गौड़ ने बताया कि चिकित्सक डॉ. रवि शर्मा परीक्षा देने गए हैं। मेले में बुखार, डायरिया, खांसी एवं एलर्जी के मरीजों को परामर्श दिया गया। नरसेना क्षेत्र के गांव दौलतपुर कलां स्थित पीएचसी पर दोपहर 12:15 पर सीएचओ राजेश कुमार मरीजों को परामर्श देते मिले। मरीज शिवम ने बताया कि बुखार से पीड़ित होने पर परामर्श लेने आया हूं। बिना ब्लड जांच कराएं विशेषज्ञ ने दवा देकर घर जाने को कहा है।
उधर, अहमदगढ़ पीएचसी पर दोपहर एक बजे करीब डॉ. मनोज चौधरी मरीजों को परामर्श देते मिले। कलुवा ने बताया कि बेटे को बुखार होने पर दिखाने आया हूं। फार्मासिस्ट संदीप शर्मा ने बताया कि मेले में 27 मरीजों ने परामर्श लिया।