जिला चिकित्सालय के काउंटर पर दवा लेने को खड़े मरीज। संवाद
बुलंदशहर। मौसम बदलने से जिले में बुखार, खांसी, नजला समेत अन्य बीमारियां हो रही हैं। साथ ही वायु प्रदूषण बढ़ने पर सांस व आंखों में जलन के मरीज भी बढ़ने लगे हैं। जिला चिकित्सालय की ओपीडी में प्रतिदिन काफी संख्या में मरीज परामर्श लेने के लिए पहुंच रहे है। शुक्रवार को बुखार, खांसी, सांस व आंखों में जलन के करीब 400 मरीजों ने परामर्श लिया।
दिन में गर्मी का अहसास और सुबह-शाम नमी के चलते सर्दी का अहसास होने पर बीमारियां भी बढ़ गई हैं। इन दिनों सरकारी चिकित्सालयों से लेकर निजी चिकित्सालयों में बुखार, खांसी, नजला समेत अन्य बीमारियों के मरीज उपचार कराने के लिए आ रहे है। साथ ही वायु प्रदूषण बढ़ने पर सांस एवं आंखों में जलन के मरीज भी इन दिनों चिकित्सालय पहुंच रहे है। शुक्रवार को आशू ने बताया कि पिछले दो दिन से आंखों में जलन महसूस होने पर चिकित्सक को दिखाया तो समय-समय पर पानी के छींटे मारने एवं चश्मा पहनने की सलाह दी है।
मरीज तरुणवीर ने बताया कि पिछले दो दिन से नजला-जुकाम एवं खांसी की समस्या बनी हुई है। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य और खराब हो गया। चिकित्सक के बताए अनुसार दवा का सेवन कर रहा हूं। जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. परवेंद्र सिंह ने बताया कि मौसम बदलने एवं एक्यूआई में उतार-चढ़ाव होने से बुखार, खांसी, सांस एवं आंखों में जलन के मरीज बढ़ रहे है। प्रतिदिन ओपीडी में ऐसे मरीज अधिक आ रहे है।