बुलंदशहर। बारिश के चलते मौसम बदलने से लोग संक्रामक बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। सोमवार को जिला चिकित्सालय की ओपीडी में मरीजों की भीड़ लगी रही। ओपीडी में अधिकांश मरीज बुखार, सर्दी-जुकाम, एलर्जी के रहे।
इन दिनों उमस होने के साथ-साथ कभी मौसम गर्म तो कभी बारिश होने पर ठंडा हो जा रहा है। ऐसे में लापरवाही बरतने पर लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। वहीं, इन दिनों वायरल का भी प्रकोप बना हुआ है। सोमवार को ओपीडी में फिजिशियन, हड्डी रोग, चर्म रोग, ईएनटी आदि कक्ष के बाहर मरीजों की लाइन लगी रही। इनमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल रहे।
बुखार के मरीजों में मलेरिया, डेंगू एवं टायफाइड के लक्षण होने पर चिकित्सकों ने रक्त जांच कराने की सलाह दी। जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. परवेंद्र सिंह ने बताया कि मौसम बदलने से बीमारियां बढ़ जाती हैं। इन दिनों सभी एहतियात बरतें और ठंडे एवं मसालेदार पदार्थों से दूर रहें।