बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के एक होटल के कमरे में बैंककर्मी अंकित गोयल ने एक अगस्त को जहर खाकर जान दे दी। कमरे से बाहर न निकलने पर होटल के कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। मामले में रविवार देर रात युवक की मां ने तहरीर दी। उन्होंने पुत्रवधू पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। बताया कि पुत्रवधू ने 4 अगस्त तक 20 लाख रुपये न देने पर मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी थी। इससे अंकित काफी परेशान थे।
नगर कोतवाली क्षेत्र के डिप्टीगंज पत्थर वाली गली निवासी रूपा देवी ने तहरीर दी। बताया कि उनके पुत्र अंकित गोयल ने अप्रैल 2017 मेंं मैनपुरी निवासी युवती से प्रेम विवाह किया था। दोनों बैंक ऑफ बड़ौदा मैनपुरी में कार्यरत थे। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच वैचारिक मतभेद शुरू हो गए। पुत्रवधू उनके पुत्र पर तलाक के लिए दबाव बना रही थी।
जून माह से पुत्रवधू व पुत्र अलग-अलग रह रहे थे। तभी से वह पुत्र को दहेज के मामले में फंसाने की धमकी दे रही थी। आरोप है कि एक अगस्त की सुबह अंकित की उनकी पत्नी से फोन पर बातचीत हुई थी। उस दौरान पुत्रवधू ने चार अगस्त तक 20 लाख रुपये न देने पर मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी थी। इसके बाद दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अंकित घर से कहीं चले गए थे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लगा था।
दो अगस्त की सुबह सूचना मिली कि उनके पुत्र ने दिल्ली रोड स्थित एक होटल में आत्महत्या कर ली है। उन्हें बताया गया कि दोपहर करीब एक बजे अंकित ने होटल में चेक इन किया था और अगले दिन सुबह तक कमरे से बाहर नहीं निकले थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरा खुलवाया तो अंदर अंकित का शव पड़ा था। नगर कोतवाल ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया कि अंकित ने जहर खाकर जान दी है जिसका वीडियो भी उसने अपने फोन से मरने से पूर्व बनाया था। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।