बुलंदशहर/बुगरासी। जिलेभर में झोलाछाप क्लीनिक, नर्सिंग होम के साथ पैथेलॉजी लैब का खुलेआम संचालन करते आ रहे हैं। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक झोलाछाप की पैथोलॉजी लैब को सील करने की कार्रवाई की। साथ ही दो क्लीनिक, एक लैब व एक डेंटल केयर बिना पंजीकरण संचालित होने पर संबंधित को नोटिस जारी कर तीन दिन में दस्तावेज दिखाने को कहा है। दस्तावेज न दिखाने पर संबंधित को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
बुगरासी में काफी संख्या में झोलाछाप के क्लीनिक के साथ पैथोलॉजी लैब संचालित होने पर स्याना सीएचसी प्रभारी डॉ. विपिन कुमार ने निरीक्षण किया। बस स्टैंड स्थित प्लेटिनम लैब के संचालन संबंधी कोई दस्तावेज न दिखाने पर उसे सील कर दिया। साथ ही मारुफ क्लीनिक संचालक को दस्तावेज दिखाने के लिए नोटिस जारी किया है। विभागीय कार्रवाई देख अन्य झोलाछाप अपनी दुकानों के शटर गिरा भाग खड़े हुए। उधर, नगर में तीन झोलाछाप को नोटिस जारी किए गए। डिप्टी सीएमओ डॉ. हरेंद्र बंसल ने बताया कि आवास विकास द्वितीय में संसार पैथोलॉजी लैब व आयुषी हेल्थ केयर संचालक के द्वारा पंजीकरण संबंधी दस्तावेज नहीं दिखाए गए। चिकित्सीय कार्य किए जाने पर दोनों को नोटिस जारी किया है। साथ ही धमैड़ा अड्डा पर संचालित डायमंड डेंटल क्लीनिक संचालक को भी नोटिस जारी किया गया। सभी को पंजीकरण संबंधी दस्तावेज दिखाने के लिए समय दिया है। निर्धारित अवधि तक दस्तावेज न दिखाने पर सील लगाने की कार्रवाई की जाएगी।