गाजियाबाद। प्रताप विहार सेक्टर-11 के ए ब्लॉक स्थित पार्क इन दिनों अवैध पार्किंग का अड्डा बन गए हैं। पार्क में बड़ी संख्या में कारें और अन्य वाहन खड़े होने से स्थानीय लोग परेशान हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि जिस पार्क को बच्चों के खेलने, बुजुर्गों के टहलने और लोगों के सुबह-शाम व्यायाम के लिए विकसित किया गया था। अब वहां वाहन खड़े किए जा रहे हैं। वहीं बच्चे खेलने के लिए तरस रहे हैं।
क्षेत्र में कुल चार पार्क हैं। पार्क के भीतर और उसके चारों ओर रोजाना कई वाहन घंटों खड़े रहते हैं। इससे पार्क की हरियाली को नुकसान पहुंच रहा है। घास उखड़ रही है और पौधे भी नष्ट हो रहे हैं। वाहन पार्क में आने-जाने से बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर भी खतरा मंडरा रहा है। लोगों का कहना है कि कई बार वाहन तेज गति से पार्क के पास से गुजरते हैं, इससे हादसे की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस संबंध में कई बार संबंधित विभाग और नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। लोगों का आरोप है कि कार्रवाई के अभाव में वाहन चालकों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं और पार्क का स्वरूप लगातार बिगड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि पार्क के चारों ओर मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाए, प्रवेश मार्ग पर सुरक्षा अवरोध लगाए जाएं और अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर जुर्माना लगाया जाए। उनका कहना है कि पार्क सार्वजनिक संपत्ति हैं और इसे अवैध पार्किंग से मुक्त कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो पार्क की हरियाली पूरी तरह खत्म हो जाएगी और बच्चों व बुजुर्गों के लिए सुरक्षित सार्वजनिक स्थान भी नहीं बचेगा। उन्होंने नगर निगम और प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर पार्क को उसके मूल स्वरूप में बहाल करने की मांग की है।
लोगों की जुबानी
फोटो::
पार्क में न झूले और न ही व्यायाम करने के लिए मशीनें
सेक्टर 11 के ए ब्लॉक निवासी किशन यादव ने बताया कि पार्कों में कहीं भी मनोरंजन की सुविधा नहीं है। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले तक नहीं लगे हैं। सुबह शाम पार्क में व्यायाम करने के लिए भी नहीं जा सकते हैं। पार्क में अब तक एक बार भी जिम की मशीनें व्यायाम के लिए नहीं लगाई गई हैं।
फोटो::
शाम को पार्क में नशेड़ियों का लगा रहता है तांता
कुलदीप भाटी ने बताया कि दिनभर पार्किंग और शाम के समय पार्कों में नशाखाेरों का जमावड़ा लग जाता है। इस वजह से बच्चों और महिलाओं को डर सताता रहता है। कई बार पुलिस को भी शिकायत दी गई है, लेकिन इसके बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
फोटो::
पार्कों में वाहन पार्किंग करने की कई वर्षों से है समस्या
सीपी शर्मा ने बताया कि इन पार्कों में यह समस्या कई वर्षों से है। इससे आसपास के बुजुर्ग, बच्चे और महिलाएं बहुत परेशान हैं। पार्कों को हरियाली और लोगों की सुविधा के लिए बनाया गया है, लेेकिन इनका इस्तेमाल वाहन खड़े करने के लिए किया जा रहा है।
फोटो::
नगर निगम को पार्कों का कराना चाहिए सौंदर्यीकरण
वैजनाथ ने बताया कि बदहाल हो चुके क्षेत्र के सभी पार्क मैदान जैसे हो गए हैं। इनमें नगर निगम को निवासियों के साथ मिलकर पौधरोपण कर फिर से विकास करना चाहिए। साथ ही इनका सौंदर्यीकरण करना चाहिए।