पारस कंपनी के दुग्ध प्लांट में शनिवार सुबह अमोनिया गैस के रिसाव से आसपास के क्षेत्र के तीन दर्जन से अधिक लोगों की हालत बिगड़ गई। पीड़ितों को सीएचसी ले जाया गया, जहां से छह लोगों को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है। गैस रिसाव की घटना से लोगों में हड़कंप मच गया।
डीएम और एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की और पीड़ितों का हालचाल जाना। गुलावठी में पुराना बस अड्डा के निकट पारस कंपनी का वीआरएस फूड्स लिमिटेड चिलिंग प्लांट है।
शनिवार सुबह करीब आठ बजे यहां से अमोनिया गैस के रिसाव के कारण नजदीकी मोहल्ला रामनगर ईदगाह और काली बस्ती में रहने वाले लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। गैस के प्रभाव से लोगों का दम घुटने लगा और आंखों में जलन होने लगी।