आठ ब्लॉक के निर्वाचित प्रधान आज लेंगे शपथ
बुलंदशहर। शासन के आदेश पर जनपद में मंगलवार को पहले दिन 16 में से आठ ब्लॉकों के निर्वाचित प्रधान शपथ में भाग लेंगे। इन ब्लॉकों के 297 निर्वाचित प्रधानों के साथ इन ग्राम पंचायतों के सभी ग्राम पंचायत सदस्य भी भागीदारी करेंगे। जबकि 168 ग्राम पंचायतों का कोरम पूरा न होने के कारण इनके प्रधान शपथ में भाग नहीं ले सकेंगे। डीएम रविंद्र कुमार ने शपथ ग्रहण से संबंधित विभागीय अधिकारियों को आदेश जारी कर दिया है।
जनपद में गत 29 अप्रैल को चुनाव होने और दो मई को मतगणना पूरी होने के बाद निर्वाचित प्रधानों को गांव की कमान मिलने की आस थी। कई दिन पहले शासन ने ग्राम प्रधानों को शपथ देने और पंचायतों के गठन के संबंध में आदेश मिलते ही जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया था। आदेश है कि ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों को 25 और 26 मई को शपथ दिलाई जाए। इसके बाद 27 मई को ग्राम पंचायत के गठन के साथ ही ग्राम सभा की बैठक कराई जाए। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। डीएम रविंद्र कुमार ने आदेश जारी किया है कि मंगलवार को जनपद के कुल 16 ब्लॉकों में से आठ ब्लॉक के प्रधान और ग्राम पंचायतों को शपथ दिलाई जाए। जबकि आठ ब्लॉक के प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों को बुधवार को शपथ दिलाई जाए। मंगलवार को अनूपशहर, अगौता, बीबीनगर, बुलंदशहर, डिबाई, गुलावठी, जहांगीराबाद और खुर्जा ब्लॉक पर बीडीओ और एडीओ पंचायत वर्चुअल शपथ दिलाने का काम करेंगे। जबकि बुधवार को ब्लॉक ऊंचागांव, पहासू, सिकंदराबाद, दानपुर, शिकारपुर, लखावटी और अरनिया के बीडीओ और एडीओ पंचायत वर्चुअल शपथ दिलाएंगे।
27 मई को ग्राम पंचायतों की होगी पहली बैठक, बनेंगी छह समिति
डीएम रविंद्र कुमार ने शासन के आदेश पर निर्देश जारी किए हैं कि 25 और 26 मई को शपथ ग्रहण पूरी होने के बाद 27 मई को ग्राम पंचायतों की पहली बैठक होगी। इस बैठक में सभी प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य शामिल होंगे। इस दौरान गांव में छह समितियों का गठन होगा। इन समितियों के बारे में शासन से आदेश प्राप्त हो चुका है। डीएम ने यह भी आदेश जारी किया है कि शपथ लेने वाले और न लेने वाले प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों की सूची ब्लॉक कार्यालय पर भी चस्पा कर दी जाए।
जनपद में 946 ग्राम पंचायतों में से निर्वाचित 577 ग्राम प्रधान और 8556 ग्राम पंचायत सदस्य ही शपथ लेंगे। जबकि 369 ग्राम प्रधान ग्राम पंचायत का कोरम पूरा न होने के कारण शपथ नहीं ले सकेंगे। इन ग्राम पंचायतों का गठन भी तब तक नहीं होगा, जब तक वह कोरम पूरा नहीं कर लेती हैं। इसका कारण यह है कि इस बार चुनाव में 12,147 ग्राम पंचायत सदस्यों में से 3591 ग्राम पंचायतों की सीटों पर किसी ने चुनाव नहीं लड़ा है।
आज यह ब्लॉक इस तरह से करेंगे शपथ ग्रहण में भागीदारी
ब्लॉक कुल ग्राम पंचायत भाग लेने वाले प्रधान भागीदारी न करने वाले प्रधान
अनूपशहर 76 46 30
अगौता 47 32 15
बीबीनगर 34 20 14
बुलंदशहर 70 55 15
डिबाई 58 33 25
गुलावठी 37 30 07
जहांगीराबाद 60 24 36
खुर्जा 83 57 26
शासन के आदेश पर ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाने के लिए तैयारी पूरी कर ली है। डीएम की ओर से शपथ के संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। मंगलवार पहले दिन आठ ब्लॉक के प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य शपथ लेंगे। जबकि बुधवार को शेष आठ ब्लॉकों के प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी।
नंदलाल, जिला पंचायतीराज अधिकारी