पंचायत चुनाव : नामांकन केंद्र पर प्रत्याशी के साथ केवल प्रस्तावक जा सकेंगे अंदर
बुलंदशहर। जनपद में 29 अप्रैल को चौथे चरण में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव होने हैं। पंचायत चुनाव के लिए 17 अप्रैल से नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। जनपद के 16 ब्लॉक में 14 में नामांकन की प्रक्रिया ब्लॉक परिसर में होगी। जबकि, खुर्जा और सिकंदराबाद में अलग स्थान पर प्रक्रिया संपन्न होगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारी कर ली है। इस बार नामांकन केंद्रों पर कोरोना के चलते प्रत्याशी के साथ केवल प्रस्तावक ही अंदर जा सकेंगे। केंद्र पर थर्मल स्क्रीनिंग के साथ सैनिटाइजर की व्यवस्था रहेगी। मास्क लगाना अनिवार्य होगा।
इस बार जिला पंचायत सदस्य के साथ ही प्रधान, बीडीसी और ग्राम पंचायत सदस्य पदों के दावेदारों को नामांकन केंद्र पर ही जमानत राशि नकद के रूप में जमा करने की सहूलियत दी गई है। उधर, दूसरी ओर नामांकन प्रक्रिया शुरू होने को लेकर जिला प्रशासन ने भी तैयारी तेज कर दी है। इसके लिए जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन कलक्ट्रेट में भी भरे जाने की व्यवस्था की गई है। जबकि प्रधान, बीडीसी और ग्राम पंचायत सदस्यों के नामांकन जनपद के सभी 14 ब्लॉकों पर भरने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए अफसरों और कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगा दी गई है। वहीं, दूसरी ओर नामांकन पत्र भरने का समय नजदीक आते ही जिपं सदस्य, प्रधान, बीडीसी और ग्राम पंचायत सदस्य पदों के दावेदारों ने भी अपनी-अपनी तैयारी पूरी कर ली है। उन्होंने अपने समर्थकों के साथ नामांकन पत्र भरने के लिए जाने आदि की व्यवस्था भी पूरी करने का काम तेज कर दिया है। जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी आरके अत्री ने बताया कि जिपं सदस्य, प्रधान, बीडीसी और ग्राम पंचायत सदस्य पदों के दावेदारों के नामांकन 17 और 18 अप्रैल को भरे जाएंगे।
जहां पर नामांकन पत्र भरे जाएंगे, वहां पर कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए खास इंतजाम किए जाएंगे। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी और चुनाव चिन्ह आवंटित करने की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा।
चुनाव 29 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना दो मई को होगी।
इन पदों की इतनी सीटों पर होगा चुनाव
- जिला पंचायत सदस्य की 52 सीट
- ग्राम प्रधान पद की 946 सीट
- क्षेत्र पंचायत सदस्य की 1325 सीट
- ग्राम पंचायत सदस्य की 12,147 सीट
प्रशिक्षण में शामिल न होने वाले कर्मियों को एक और मौका
बुलंदशहर। पंचायत चुनाव की ड्यूटी में शामिल जो मतदानकर्मी प्रशिक्षण में शामिल नहीं हुए थे, उन्हें एक और मौका दिया जा रहा है। ऐसे मतदानकर्मी 22 अप्रैल को होने वाले प्रशिक्षण में प्रतिभाग कर सकते हैं। सीडीओ ने ऐसे 150 से अधिक अनुपस्थित कर्मियों के शामिल न होने पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी है। --------
मुख्य विकास अधिकारी एवं चुनाव के कार्मिक अधिकारी अभिषेक पांडेय ने बताया कि पंचायत चुनाव के मतदान कर्मियों को केंद्रीय विद्यालय में गत दिनों छह दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया था। इस दौरान करीब 400 मतदानकर्मी अनुपस्थित रहे। इनमें से 250 के करीब मतदान कर्मी बुलाने पर प्रशिक्षण में शामिल हो गए थे। जबकि 150 से अधिक मतदानकर्मी प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहे। इन मतदान कर्मियों को उनके संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्टीकरण लेने के आदेश जारी किए गए हैं। साथ ही ऐसे मतदान कर्मियों को एक और मौका दिया जाएगा।
वह 22 अप्रैल को होने वाले एक और प्रशिक्षण में भाग ले सकते हैं। यदि वह ऐसा नहीं करते हैं तो फिर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जनपद में 3593 बूथों पर होने वाले चुनाव के लिए 110 फीसदी कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इसके अलावा 10 फीसदी और मतदान कर्मियों को रिजर्व में रखा गया है। इन्हें 22 अप्रैल को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
ड्यूटी कटवाने वालों की बन रही लिस्ट
सीडीओ ने बताया कि पंचायत चुनाव की ड्यूटी में शामिल उन मतदान कर्मियों की लिस्ट बनाई जा रही है, जिन्होंने चुनाव से अपनी ड्यूटी कटवा ली है। संभवत : ऐसे कर्मचारियों की सूची शुक्रवार तक तैयार कर ली जाएगी। इसके बाद उनका खुलासा कर दिया जाएगा।