खानपुर/सिकंदराबाद। जनपद के सिकंदराबाद और खानपुर थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग युवकों ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शनिवार को पाकिस्तान समर्थित पोस्ट अपडेट कर दी। इससे लोगों की भावनाएं आहत हुईं। दोनों ही मामलों में सिकंदराबाद और खानपुर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनको गिरफ्तार कर लिया है।
खानपुर निवासी बजरंग दल के खंड संयोजक क्रिस सैनी ने शनिवार को थाने पर तहरीर देकर बताया अमरपुर निवासी कामिल कुरैशी ने फेसबुक पर देश विरोधी पोस्ट शेयर की है। वर्तमान परिस्थितियों में पोस्ट से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। वायरल पोस्ट में एक युवक देश के प्रधानमंत्री को सिंधु समझौता रद्द करने के कारण जान से मारने की धमकी दे रहा है। पोस्ट के वायरल होने से लोगों में आक्रोश है। पुलिस ने आरोपी कामिल पर देशद्रोह की धारा 152 व 197 के तहत अभियोग पंजीकृत कर गिरफ्तार कर लिया है। स्थानीय लोगों का आरोप है आरोपी पहले भी सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर चुका है। थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर चालान किया गया है।
वहीं, सिकंदराबाद में पाकिस्तान के समर्थन में व्हाट्सएप पर स्टेटस लगाने के मामले में उपनिरीक्षक विपुल कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें उन्होंने बताया कि नगर के मोहल्ला रिसालदारान सरकारी अस्पताल के सामने निवासी शहजाद ने अपने व्हाट्सएप पर पाकिस्तान के समर्थन में पोस्ट लगाई। पोस्ट में लिखा था क्या बोलते हो दोस्तो, चलें पाकिस्तान, उन्हें सपोर्ट करते हैं। चाहे जो हो जाए सपोर्ट तो बस पाकिस्तान को करेंगे। व्हाट्सएप पर लगाई पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। शहजाद की पोस्ट आपत्तिजनक है। इससे देश के लोगों की भावना आहत हुई है। आरोपी पूर्व में मजदूरी करता था। पिछले एक माह से वह पिज्जा डिलीवरी ब्वॉय का कार्य कर रहा है। आरोपी के पिता संविदा पर लाइनमैन हैं। सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 152 राजद्रोह, धारा 67 सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।