बुलंदशहर। बिजलीघर पर पर्याप्त राजस्व वसूली न होने और बैठक से बिना सूचना के नदारद रहने पर खुर्जा खंड के जेई इंद्रेश को निलंबित कर दिया गया है। राजस्व वसूली में लापरवाही पर शिकारपुर एक्सईएन को प्रतिकूल प्रविष्टि मिली है। वहीं, सिकंदराबाद खंड के एक्सईएन को भी एमडी ने फटकार लगाई है।
जिले में बिजली उपभोक्ताओं पर साढ़े तीन अरब रुपये से अधिक का बिल बकाया है। ओटीएस योजना के तहत भी पर्याप्त बकाया बिल की वसूली नहीं हुई। कई बिजलीघरों में लाइन लॉस 50 फीसदी से भी अधिक है। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम (पीवीवीएनएल) की एमडी ईशा दुहन ने मेरठ में बैठक कर राजस्व वसूली में लापरवाही पर अधिकारियों से कड़ी नाराजगी जताई। इस दौरान खुर्जा खंड के पहासू बिजलीघर की स्थिति राजस्व वसूली में खराब पाए जाने और बिना अनुमति बैठक से नदारद रहने पर जेई इंद्रेश को निलंबित कर दिया। पहले भी संभव पोर्टल पर हुई शिकायत के आधार पर इंद्रेश कुमार को निलंबित किया गया था।
राजस्व वसूली में लापरवाही, मीटर रीडिंग का कार्य एप्लीकेशन के माध्यम से न कराए जाने पर शिकारपुर खंड के एक्सईएन धर्मवीर को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। एप्लीकेशन के माध्यम से बिलिंग में लापरवाही बरतने पर सिकंदराबाद खंड के एक्सईएन विनय कुमार को भी पीवीवीएनएल एमडी ने कड़ी फटकार लगाते हुए चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा कि जल्द ही बड़े लाइन लॉस वाले बिजलीघर के अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।