इस बार ई-पॉप मशीन से होगी धान की खरीद
बुलंदशहर। धान खरीद को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस बार ई-पॉप (इलेक्ट्रानिक प्वाइंट ऑफ पर्चेज) मशीन से ही धान की खरीद की जाएगी। गेहूं खरीद में इसके सफल प्रयोग को देखते हुए शासन ने यह निर्णय लिया है। मशीन लगने के बाद पंजीकरण किसान ही अपना धान बेंच सकेंगे।
शासन ने इस बार ई-पॉप मशीन से ही धान खरीद करने का निर्णय लिया गया है। जिससे जिले के अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ दिलाया जा सके। बताया गया कि इस बार धान का समर्थन मूल्य 1940 रुपये प्रति क्विंटल रखा गया है। सरकारी क्रय केंद्रों पर धान बेचने के लिए किसानों को पहले पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद किसानों को आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर ही फीड कराना होगा क्योंकि जो ओटीपी आएगा वह आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर ही आएगा और यह ओटीपी डालने के बाद ही पंजीकरण हो सकेगा। इसलिए धान बेचने वाले किसानों को हरहाल में अपना पंजीकरण कराना होगा। बता दें कि जनपद में एक अक्तूबर से धान की खरीद होगी। इसके लिए विभाग की ओर से धान खरीद एजेंसी निर्धारित कर उन्हें क्रय केंद्र और लक्ष्य आवंटित करने की तैयारी चल रही है। अभी धान खरीद का लक्ष्य नहीं मिला है। अफसरों का दावा है कि यह सभी काम धान की खरीद से पहले कर लिया जाएगा।
धान खरीद को लेकर तैयारियां चल रही हैं। इस बार ई-पॉप मशीन से धान की खरीद होगी। इस संबंध में शासन से निर्देश मिल चुके हैं। सभी क्रय केंद्रोें पर ई-पॉप मशीन लगाई जाएगी, जिससे सरकार द्वारा घोषित समर्थन मूल्य का लाभ जिले के अधिक से अधिक किसानों को मिल सके। इसके लिए किसानों को अपना पंजीकरण कराना होगा।
- जेया-ए-करीम, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी।