अनामिका शुगर मिल खुर्जा में लगाएगी ऑक्सीजन प्लांट
बुलंदशहर। कोरोना संक्रमण वाले मरीजों के लिए ऑक्सीजन की सबसे ज्यादा जरूरत पड़ने लगी है। इसे देखते हुए जनपद की अनामिका शुगर मिल ने खुर्जा में एक ऑक्सीजन प्लांट लगाने का निर्णय लिया है। यह प्लांट खुर्जा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लगेगा। मिल ने प्लांट के लिए दिल्ली की एक कंपनी को ऑडर दे दिया है।
अनामिका शुगर मिल के मुख्य महाप्रबंधक केपी सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण के चलते अचानक ऑक्सीजन की मांग बढ़ गई है। अस्पतालों में मरीजों के ऑक्सीजन के लिए अथक प्रयास किए जा रहे हैं। इसे देखते हुए मिल ने 20 मीट्रिक टन की क्षमता वाला एक ऑक्सीजन प्लांट बनाने का निर्णय लिया है। इस प्लांट के निर्माण पर 35 लाख रुपये की लागत आएगी। जल्द ही प्लांट बनाने का काम शुरू हो जाएगा। केपी सिंह ने बताया कि यह ऑक्सीजन प्लांट खुर्जा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लगाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि संकट की इस घड़ी में किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसलिए मिल अब भी लगातार किसानों का गन्ना खरीद रही है। मिल का उद्देश्य है कि किसी भी किसान का गन्ना खेत में न रहे। जब तक एक-एक किसान का गन्ना मिल नहीं पहुंच जाता, तब तक मिल का संचालन जारी रहेगा।