फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bulandshahar News: 273 शिकायतों में से सिर्फ 21 का निस्तारण, फरियादियों को मिली अगली तारीख

विज्ञापन
स्याना नवीन मंडी में गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण करती डीएम श्रुति। संवाद
विज्ञापन
बुलंदशहर/स्याना/शिकारपुर/अनूपशहर। जिले की सभी सात तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। दिनभर चली सुनवाई के दौरान कुल 273 शिकायती पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से मौके पर केवल 21 शिकायतों का ही निस्तारण किया जा सका। शेष 252 फरियादियों को आश्वासन के साथ अगली तारीख थमा दी गई। जिलाधिकारी श्रुति ने स्याना तहसील में और सदर तहसील में सीडीओ ने लोगों की समस्याएं सुनीं।
विज्ञापन

स्याना तहसील सभागार में जिलाधिकारी श्रुति और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह की मौजूदगी में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां पुलिस, बिजली और राजस्व से संबंधित कुल 33 शिकायतें आईं, जिनमें से केवल पांच का मौके पर समाधान हुआ। डीएम ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। इस दौरान एसडीएम रविंद्र प्रताप सिंह और सीओ रामकरण सिंह सहित अन्य तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
समाधान दिवस के बाद डीएम श्रुति और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने नगर के गढ़ मार्ग स्थित नवीन मंडी में गेहूं क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। डीएम ने केंद्र प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। कहा कि गेहूं की खरीद 2585 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सुनिश्चित की जाए। केंद्रों पर पेयजल, बैठने के लिए टेंट और तौल मशीनों की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए।
विज्ञापन

वहीं, सदर तहसील में सीडीओ निशा ग्रेवाल की अध्यक्षता में सुनवाई हुई। यहां 16 शिकायतें दर्ज हुईं, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि मौके पर एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो सका। यही हाल सिकंदराबाद का रहा, जहां एसडीएम दीपक कुमार पाल के सामने आईं। सभी चार शिकायतें लंबित रह गईं। डिबाई में सबसे ज्यादा 90 फरियादी पहुंचे, जिनमें से मात्र दो को राहत मिली। शिकारपुर में एसडीएम अरुण कुमार वर्मा की अध्यक्षता में 71 शिकायतें आईं, जिनमें से 11 का निस्तारण हुआ।
खुर्जा में एडीएम ने 32 शिकायतों में से केवल दो का मौके पर समाधान किया। अनूपशहर में एसडीएम प्रियंका गोयल के समक्ष 27 प्रार्थना पत्र आए, जिनमें से मात्र एक का निस्तारण हुआ। समाधान दिवस में अधिकतर मामले अवैध कब्जों, चकरोड की पैमाइश, बिजली के बिलों में गड़बड़ी और पुलिस से संबंधित रहे। अधिकारियों ने शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट मांगी है

स्याना नवीन मंडी में गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण करती डीएम श्रुति। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें