जर्जर सड़क के विरोध में चचरई के ग्रामीणों ने विधानसभा चुनाव के बहिष्कार का एलान किया है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर चुनाव के समय तक सड़क का निर्माण नहीं हुआ तो ग्रामीण मतदान नहीं करेंगे।
गांव चचरई को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग की हालत काफी जर्जर है। स्थिति ये है कि सड़क में कई-कई फुट गहरे गड्ढे हैं। आए दिन दुपहिया वाहन सवार लोग हादसे का शिकार होते हैं। बरसात के दिनों में स्थिति बद से बदतर हो जाती है। गांव का आवागमन रुक जाता है।
चुनाव से पहले हर प्रत्याशी गांव की सड़क बनवाने का आश्वासन देता है, लेकिन चुनाव जीतने के बाद कोई जनप्रतिनिधि दोबारा गांव की तरफ मुड़कर भी नहीं देखता। पूर्व प्रधान नत्थी सिंह लोधी का कहना है कि सड़क निर्माण को लेकर विधायक से लेकर सांसद तक से मांग की गई, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने डीएम को भी शिकायती पत्र देकर जर्जर सड़क के निर्माण की मांग की थी। हरवीर सिंह, नरेंद्र पाठक, वीरेंद्र सिंह लोधी, छत्तर सिंह, सतीश शर्मा, पवन कुमार, सुभाष चंद, गोपाल सिंह, सुखवीर सिंह आदि रहे।
इस संबंध में सीडीओ जसजीत कौर का कहना है कि जर्जर सड़क का निरीक्षण करवाया जाएगा। जल्द ही संपर्क मार्ग बनवाया जाएगा।