खुर्जा/खुर्जा जंक्शन। जंक्शन रोड पर सिद्धि विनायक अस्पताल के सामने दो बाइक की आपस में टक्कर हो गई। इसमें एक बाइक पर सवार निजी बस परिचालक की मौत हो गई।
दूसरी बाइक पर सवार दो भाई समेत तीन संविदा रेलकर्मी घायल हो गए, जिनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सौंदा हबीबपुर गांव निवासी संजीव ने बताया कि खुर्जा जंक्शन निवासी उनके दोस्त भगत सिंह (45) निवासी प्रसादी नगर कॉलोनी खुर्जा जंक्शन जेवर अड्डा चौराहा पर चलने वाली निजी बस के परिचालक थे।
मंगलवार सुबह भगत सिंह घर से बाइक पर सवार होकर खुर्जा नगर में जेवर बस अड्डा की ओर जा रहे थे। जैसे ही सिद्धि विनायक अस्पताल के सामने पहुंचे तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई।
इसमें भगत सिंह और दूसरी बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। चारों घायलों को खुर्जा के जटिया अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने भगत सिंह को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, दूसरी बाइक पर सवार अरनिया मंसूरपुर गांव निवासी नितिन, उनका भाई गौरव और हरिओम घायल हो गए।
घायल नितिन, उनके भाई गौरव व दोस्त हरिओम को चिकित्सक ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। नितिन के पिता बनवारी लाल ने बताया कि जिला अस्पताल से तीनों को मेरठ मेडिकल के लिए रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं, घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने भगत सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।