डिबाई। गांव दानपुर में बाइक सवार बदमाशों ने जनसेवा केंद्र संचालक योगेश कुमार की आंखों में केमिकल स्प्रे कर एक लाख की नकदी छीन ली। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता के तहत छीना-झपटी की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है।
दौलतपुर चौकी क्षेत्र के गांव दानपुर के मोहल्ला चांदनी चौक पुवायां निवासी योगेश कुमार गांव भीमपुर दोराहे पर अपना जनसेवा केंद्र संचालित चलाते हैं। मंगलवार देर शाम योगेश अपना केंद्र बंद करके बाइक से घर लौट रहे थे। राजकीय आलू फार्म के पास पहुंचते ही बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी बाइक के आगे अपनी बाइक लगा दी और उन्हें गिरा दिया। इसके बाद आरोपियों ने उनकी आंखों में केमिकल का स्प्रे कर दिया और हाथों से नकदी से भरा थैला छीन लिया। इसके बाद बदमाश अलीगढ़ की ओर फरार हो गए।
योगेश कुमार ने पुलिस को सूचना दी लेकिन तब तक आरोपी मौके से भाग चुके थे। अब मामले में पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर छीना झपटी के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 304 (2) में रिपोर्ट दर्ज की है। एसपी देहात रोहित मिश्र ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पीड़ित ने धनराशि को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।