मिलावटी शराब बनाने के आरोप में एक गिरफ्तार
बुलंदशहर। सिकंदराबाद क्षेत्र के ग्राम जीतगढ़ी में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद शराब माफिया पर पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है। गुलावठी पुलिस ने मिलावटी शराब बनाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मौके से एक आरोपी भागने में सफल रहा। आरोपी के पास से अवैध रूप से बनाई गई मिलावटी देसी शराब, अंग्रेजी शराब, खाली पव्वे, यूरिया, छह लीटर कच्ची शराब बरामद की है।
गुलावठी कोतवाली के एसएसआई प्रवेंद्र बालियान ने बताया कि मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि ग्राम भटौना के जंगल में अवैध शराब को बेचने कहीं ले जाया जा रहा है। इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया तथा एक भागने में सफल रहा। एसएसआई के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का नाम पवन उर्फ मंतो निवासी ग्राम भटौना गुलावठी है। मौके से 8 पेटी देसी शराब, 24 पव्वे अंग्रेजी शराब, 15 पव्वे खाली, 5 किलो यूरिया, 6 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। एसएसआई के अनुसार आरोपी ने पूछताछ के बाद बताया कि वह यूरिया, एवं नशीली गोलियों से शराब बनाते थे तथा उन्हें खाली पव्वों में भरकर बेचते थे। एसएसआई के अनुसार आरोपी सुनसान जंगल में मिलावटी शराब बनाते हैं तथा बनाई गई मिलावटी शराब को वह बेचते हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 60, 63 एक्साइज एक्ट एवं 272 के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। एसएसआई ने बताया कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया है।