ऊंचागांव। नरसेना कस्बा निवासी वृद्ध महिला गत बृहस्पतिवार को अपने खेत पर उड़द की फसल कटवाते समय ट्रैक्टर में लगी मशीन की फैन बेल्ट की चपेट में आ गईं। इनकी शुक्रवार देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई। वृद्धा की मौत के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। हालांकि, परिजनों की ओर से कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है।
नरसेना कस्बा निवासी रामजीलाल के कस्बे के निकट ही खेत हैं। गत बृहस्पतिवार को उनकी पत्नी 88 वर्षीय जानकी देवी अन्य परिजनों के साथ खेत पर गई थीं। इस दौरान उड़द की फसल कटवाने के लिए कस्बा निवासी एक अन्य किसान को ट्रैक्टर और मशीन के साथ खेत पर बुलाया था। दोपहर के समय फसल निकालते समय जानकी देवी किसी तरह मशीन में लगी फैन बेल्ट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन और अन्य ग्रामीण उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां, चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया। उनका दिल्ली के एक अस्पताल में उपचार चल रहा था, लेकिन, शुक्रवार शाम को चिकित्सकों ने उन्हें घर भेज दिया। देर रात वृद्धा की अपने घर पर ही उपचार के दौरान मौत हो गई। वृद्धा की मौत के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। हालांकि, मामले में अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। सीओ स्याना ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।