पावर कारपोरेशन ने शिकायतें दर्ज कराने का सिस्टम तो ऑनलाइन कर दिया, लेकिन इनका निस्तारण न होने से यह ऑफलाइन ही बना हुआ है।
ऑनलाइन सिस्टम से दर्ज होने वाली शिकायतों का समाधान नहीं होने पर एमडी ने अफसरों को कड़ी फटकार लगाई है। बता दें कि पावर कारपोरेशन के ऑनलाइन सिस्टम पर पिछले तीन माह में 1600 शिकायतें दर्ज कराई गई हैं।
इन शिकायतों को दर्ज कराए हुए महीनों बीतने के बावजूद इनका कोई समाधान नहीं किया गया। ऑनलाइन सिस्टम पर पेंडिंग पड़ी शिकायतों का अंबार देख नए एमडी बिफर पड़े।
जनपद के अफसरों के साथ हुई वीडियो कांफ्रेंसिंग बैठक के दौरान उन्होंने कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने 15 दिन के भीतर दर्ज सभी ऑनलाइन शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए। इसके अलावा फुंके ट्रांसफार्मरों को 72 घंटे के भीतर बदलवाने के निर्देश दिए हैं।
राजस्व वसूली में पिछड़े अफसर
एमडी ने सर्किल प्रथम और सर्किल द्वितीय के अफसराें को राजस्व वसूली में पिछड़ने पर भी जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि अफसर ओटीएस (एकमुश्त समाधान योजना) का इंतजार न करें।
कनेक्शन काटने की कार्रवाई तेज करें। ओटीएस योजना अब नहीं लागू हो सकेगी। गौरतलब है कि सर्किल द्वितीय का लक्ष्य 35 करोड़ और प्रथम का करीब 15 करोड़ है।
एमडी के निर्देश पर सभी एक्सईएन को ऑनलाइन दर्ज हुई शिकायतों के जल्द निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा राजस्व वसूली भी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। - राकेश कुशवाहा, अधीक्षण अभियंता