टैंपो की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत
गुलावठी। सिकंदराबाद मार्ग पर गांव कुरली के निकट शुक्रवार देर रात एक अनियंत्रित टैंपो ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दोनों मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर टैंपो चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गौतमबुद्धनगर के थाना जारचा के गांव छोलस की मडैया निवासी दीपक ने तहरीर देकर बताया कि उसका भाई 25 वर्षीय मोनू शुक्रवार रात को सिकंदराबाद के गांव हृदयपुर निवासी अपने दोस्त शिवा के साथ बाइक से गुलावठी जा रहा था। जब वह दोनों गुलावठी थाना क्षेत्र में गांव कुरली के निकट पहुंचे तो सामने से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित टैंपो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में मोनू और शिवा गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों तत्काल अस्पताल पहुंचाया। जहां, चिकित्सकों ने मोनू को मृत घोषित कर दिया। जबकि, शिव को हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया। जहां, उसकी भी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मौके से टैंपो को कब्जे में ले लिया है। साथ ही आरोपी चालक को भी हिरासत में ले लिया गया है। मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
हेलमेट पहना होता तो बच सकती थी जान
राहगीरों के मुताबिक, बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। जिसके कारण हादसे में दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई थी। एक घायल शिवा को अस्पताल में 20-25 मिनट तक ड्रिप लगी रही। चिकित्सकों ने उसे मेरठ रैफर कर दिया, परंतु सिर में गंभीर चोट होने के कारण उसकी भी मेरठ में मौत हो गई। अगर दोनों ने हेलमेट पहना हुआ होता तो उनकी जान बच सकती थी।
कोट =
हिरासत में लिया गया टैंपो चालक
आरोपी टैंपो चालक को हिरासत में ले लिया गया है। दोनों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
- सुरेंद्र नाथ तिवारी, एसपी सिटी