बुलंदशहर। बरात, पिकनिक या किसी अन्य कार्य के लिए लोग अब आसानी से रोडवेज बस की बुकिंग करवा सकेंगे। निजी कार्यक्रम के लिए रोडवेज की बुकिंग 400 किमी व 24 घंटे के लिए 27,808 रुपये में की जा सकेगी। पहले एक माह पूर्व बुकिंग की सुविधा दी जा रही थी। अब एक सप्ताह पूर्व बस की बुकिंग कराकर ले जा सकेंगे।
बुलंदशहर डिपो में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम एवं अनुबंध की 110 बसें शामिल हैं। इनमें प्रतिदिन 40 से 50 बसों का संचालन लखनऊ, दिल्ली, आगरा, हरिद्वार, अजमेर, हल्द्वानी समेत अन्य रूटों पर होता है। ऐसे में मजबूरन लोगों को निजी बसों को बरात या पिकनिक आदि के लिए बुक करना पड़ता है। वहीं, पहले यह सुविधा निगम की बसों की बुकिंग करने के लिए एक माह पूर्व सूचना देनी पर मिल रही थी। अब एक सप्ताह पूर्व भी लोग रोडवेज बस को यात्रा के लिए बुक करा सकेंगे।
बस बुकिंग के लिए देना होगा प्रार्थना पत्र
निगम के अफसरों के अनुसार शादी या पिकनिक के लिए बस की बुकिंग कराने को एआरएम कार्यालय पर आकर प्रार्थना पत्र देना होगा। इसके साथ ही शादी का कार्ड भी लगाना होगा। बस की बुकिंग 400 किमी आना-जाना हो या कम दूरी होने पर 400 किमी की दूरी के हिसाब से ही रुपये देने होंगे। 400 किमी से अधिक दूरी पर जाने पर रुपये बढ़ जाएंगे। 400 किमी तक के लिए 27,808 रुपये निर्धारित किया गया है। जबकि निजी बस संचालक इतनी दूरी के लिए 30 हजार रुपये से अधिक तक वसूल कर लेते है। डिपो ने यह सुविधा अपनी आय बढ़ाने के लिए की है।
Iशादी या पिकनिक आदि के लिए लोग एक सप्ताह पूर्व रोडवेज बस की बुकिंग करा सकते हैं। इसके लिए संबंधित को एक सप्ताह पूर्व कार्यालय पर प्रार्थना पत्र देना होगा। - परमानंद, एआरएम बुलंदशहर डिपोI