बुलंदशहर। नियमित टीकाकरण में एमओआईसी, बीसीपीएम एवं बीपीएम की ओर से सहयोग नहीं दिया जा रहा है। मासिक रिपोर्ट में पांच बीपीसीएम व बीपीएम और 13 ब्लॉक स्तरीय सीएचसी प्रभारी की रिपोर्ट खराब आई है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने इन सभी से स्पष्टीकरण मांगा है।
गर्भवती, नवजात, बच्चे एवं किशोर आदि को समय-समय पर टीकाकरण किया जाता है। जिससे सभी को गंभीर बीमारी से बचाया जा सके। इसके लिए सभी एमओआईसी, एएनएम, बीसीपीएम एवं बीपीएम आदि को जिम्मेदारी दी गई है लेकिन डिबाई, दानपुर, लखावटी, गुलावठी एवं ऊंचागांव के बीसीपीएम व बीपीएम द्वारा टीकाकरण में सहयोग नहीं किया जा रहा है।
इन सभी को नोटिस देते हुए टीकाकरण में लापरवाही बरतने पर स्पष्टीकरण मांगा है। इसके अलावा जिले में 13 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं तीन ब्लॉक स्तरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सिर्फ तीन जगह कार्य सुचारू रूप से हो रहा है। इसमें दानपुर सीएचसी व अरनियां और मालागढ़ ब्लॉक स्तरीय पीएचसी शामिल है। शेष 13 जगह पर एमओआईसी द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। इन सभी से स्पष्टीकरण मांगते हुए अंतिम चेतावनी नोटिस जारी कर दिया है।
Iडिबाई, दानपुर, लखावटी, गुलावठी एवं ऊंचागांव के बीसीपीएम व बीपीएम और 13 एमओआईसी के टीकाकरण में लापरवाही बरतने की रिपोर्ट मिली है। इन सभी को अंतिम चेतावनी नोटिस देते हुए स्पष्टीकरण मांग टीकाकरण में सुधार के निर्देश दिए हैं। - डॉ. हरेंद्र बंसल, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओI