बुलंदशहर। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) की वार्षिक प्रणाली के तहत संचालित सभी संस्थागत और व्यक्तिगत पाठ्यक्रम की मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन परीक्षा फार्म अब 10 मार्च तक भरे जा सकेंगे। पूर्व में परीक्षा फार्म भरने के लिए 28 फरवरी तक का समय दिया गया था।
डीएवी पीजी कॉलेज की प्राचार्य प्रो. रेनू अग्रवाल ने बताया कि सीसीएसयू की वार्षिक प्रणाली के तहत संचालित सभी संस्थागत और व्यक्तिगत पाठ्यक्रम की मुख्य परीक्षा सत्र 2024-25 और बैक पेपर परीक्षा सत्र 2024-25 और 2023-24 की परीक्षाएं इसी में प्रस्तावित हैं। इसे ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय ने वार्षिक प्रणाली के अंतर्गत संचालित संस्थागत और व्यक्तिगत पाठ्यक्रमों के परीक्षा फार्म भरने के लिए पोर्टल खोला था।
पूर्व कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा फॉर्म 15 फरवरी तक भरे जाने थे, लेकिन फॉर्म भरने में आ रही समस्याओं के चलते सीसीएसयू की ओर से इसकी तिथि को तीसरी बार विस्तारित कर 28 फरवरी तक परीक्षा फॉर्म भरने का मौका दिया था।
अब एक बार फिर से परीक्षा फार्म भरने के लिए सीसीएसयू की ओर से एक और मौका दिया गया है। इसके तहत 10 मार्च तक फार्म भरे जाएंगे। इसके बाद कॉलेज में जमा होने वाले फार्म का 12 मार्च तक सत्यापन किया जाएगा। साथ ही कॉलेज फार्म को सत्यापित कर 17 मार्च तक सीसीएसयू को भेजेंगे।