बुलंदशहर। जिले में अभी भी निजी अस्पताल और पैथोलॉजी लैब पर बायो मेडिकल वेस्ट के निस्तारण की कोई व्यवस्था नहीं हैं। सिनर्जी ग्रुप की ओर से पिछले माह भेजे गए पत्र को सीएमओ ने संज्ञान में लेकर जांच करवाई।
जांच के दौरान एक निजी अस्पताल में खुले स्थान पर बायो मेडिकल स्टोर होते हुए मिला जबकि 10 अस्पताल/लैब में नियामानुसार बायो वेस्ट निस्तारण नहीं मिला। इन सभी को विभाग ने नोटिस जारी कर दिए हैं। अब जल्द ही इन सभी पर जुर्माना लगाया जाएगा।
सरकारी चिकित्सालय, निजी अस्पताल और पैथोलॉजी लैब में प्रतिदिन बायो मेडिकल वेस्ट निकलता है। जिसका नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश हैं। इसके बावजूद अधिकांश जगह बायो वेस्ट का निस्तारण नहीं किया जाता। नगर समेत जिलेभर में अधिकांश अस्पताल व लैब संचालक अपने यहां स्टोर कर रहे हैं तो कुछ सड़कों पर बायो मेडिकल वेस्ट फेंक दे रहे हैं।
इससे संक्रमण फैलने की संभावना बनी रहती है। इसको लेकर समय-समय पर सिनर्जी ग्रुप संचालक डीएम और सीएमओ को पत्र भेजकर जांच करवाने की मांग करते रहते हैं। पिछले माह मिले पत्र को संज्ञान में लेकर सीएमओ ने टीम को भेजकर जांच करवाई। टीम जांच करने पहुंची तो 11 स्थानों पर खामियां मिलीं। टीम ने सभी को नोटिस जारी कर दिया है। अब जल्द ही इन सभी पर जुर्माना लगाया जाएगा।
इन अस्पतालों में मिली खामियां
कुसुम देवी हॉस्पिटल, मिशन हेल्थ केयर, एन एस हॉस्पिटल, जी हॉस्पिटल, सूर्या हॉस्पिटल, एलेक्स हॉस्पिटल, सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, गौरी हॉस्पिटल, सैनी मैक्स हॉस्पिटल, सीएस डेंटल, पुष्पांजली हॉस्पिटल में टीम को खामियां मिली। कुसुम देवी हॉस्पिटल में एक खुले स्थान पर बायो मेडिकल वेस्ट स्टोर होते हुए मिला।
कोट
समय-समय पर टीम को निजी अस्पताल व लैब पर बायो मेडिकल वेस्ट की जांच के लिए भेजा जाता है। टीम को पिछले दिनों जांच के दौरान 11 निजी अस्पतालों में खामियां मिली हैं। इन सभी को नोटिस जारी कर दिया गया है।
- डॉ. सुनील कुमार दोहरे,
सीएमओ