24 पेट्रोल पंप के संचालन पर संकट, जारी हुए नोटिस
बुलंदशहर। बुलंदशहर विकास प्राधिकरण द्वारा अब 24 पेट्रोल पंप संचालकों को स्वीकृत मानचित्र (नक्शा) दिखाने के लिए नोटिस जारी किया गया है। इनमें बुलंदशहर, सिकंदराबाद और जहांगीराबाद क्षेत्र के पेट्रोल पंप शामिल हैं। इन सभी पर जल्द ही बीडीए द्वारा सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण द्वारा 10 दिन में छह पेट्रोल पंप को सील किया जा चुका है।
बुलंदशहर विकास प्राधिकरण द्वारा अनाधिकृत कॉलोनियों और बिना मानचित्र स्वीकृत के बनाए गए भवनों पर जहां कार्रवाई की जा रही है तो वहीं, अब प्राधिकरण द्वारा अनाधिकृत पेट्रोल पंपों पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बुलंदशहर, सिकंदराबाद और जहांगीराबाद क्षेत्र में करीब 80 पेट्रोल पंप का संचालन हो रहा है। इनमें 24 पेट्रोल पंप ऐसे हैं, जिनके द्वारा निर्माण कार्य कराने और उसके संचालन को लेकर बीडीए से मानचित्र स्वीकृत नहीं कराया है। जबकि इन सभी को पूर्व में बीडीए द्वारा नोटिस भेजकर मानचित्र स्वीकृत कराने को कहा गया लेकिन पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा नोटिस को नजर अंदाज कर संचालन जारी है। अब बीडीए अफसरों द्वारा इन सभी पर सीलिंग की कार्रवाई शुरू कर दी है।
245 मैरिज होम व शिक्षण संस्थानों को भेजा गया था नोटिस
बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण द्वारा पूर्व में निर्मित जिले के शिक्षण संस्थान, मैरिज होम, रेस्तरां, औद्योगिक फैक्टरी व मांस फैक्टरी आदि को नोटिस भेजे गए। जिनका पूर्व में निर्माण हो चुका था। इसमें खुर्जा क्षेत्र में 112 को और बुलंदशहर क्षेत्र के 133 भवन स्वामी को नोटिस जारी कर साक्ष्य दिखाने का मौका दिया गया। इसमें कुछ पर बीकेडीए द्वारा सील करने व ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा चुकी है।
जल्द ही अस्पताल और बड़े प्रतिष्ठान होंगे निशाने पर
बीकेडीए अफसरों के अनुसार फिलहाल विभाग द्वारा पूर्व में स्कूल और मैरिज होम संचालकों को नोटिस जारी किया गया है। अब पेट्रोल पंप संचालकों को सीलिंग के नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए पूर्व में भी संबंधित पेट्रोल पंप संचालकों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इसके बाद जल्द ही बीकेडीए के क्षेत्र में आने वाले अस्पताल, बड़े प्रतिष्ठान और भवनों को नोटिस भेजा जाएगा।
इस क्षेत्र के हैं बिना मानचित्र वाले पेट्रोल पंप
क्षेत्र का नाम - पेट्रोल पंप की संख्या
बुलंदशहर क्षेत्र में - 11
सिकंदराबाद क्षेत्र में - सात
जहांगीराबाद क्षेत्र में - छह
कुल पेट्रोल पंप - 24
बीकेडीए क्षेत्र में अवैध निर्माण पर कार्रवाई की जा रही है। बुलंदशहर, सिकंदराबाद व जहांगीराबद क्षेत्र में संचालित 24 पेट्रोल पंप को पूर्व में नोटिस जारी किए जा चुके है। अब संबंधित पर सीलिंग की कार्रवाई के आदेश जारी किए जा रहे हैं। अब तक छह पेट्रोल पंप को सील किया जा चुका है। संबंधित पेट्रोल पंप संचालकों को बिना मानचित्र स्वीकृत कराए पेट्रोल पंपों का संचालन करने पर नोटिस भेजा गया। - डॉ. अंकुर लाठर, बीडीए उपाध्यक्ष