बुलंदशहर। बायो मेडिकल वेस्ट का निस्तारण न होने पर सिनर्जी ग्रुप ने जिले के पांच अस्पतालों पर कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी और सीएमओ को पत्र भेजा है। डीएम ने सीएमओ को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। संबंधित अस्पतालों और पैथोलॉजी लैब संचालकों को विभाग द्वारा नोटिस जारी किया जाएगा। नोटिस मिलने के एक सप्ताह में बायो मेडिकल वेस्ट का निस्तारण न करने पर जुर्माना लगाया जाएगा। दोबारा बायो वेस्ट मिलने पर लाइसेंस रद करने की कार्रवाई की जाएगी।
सिनर्जी कंपनी से सरकारी एवं पंजीकृत के साथ-साथ झोलाछाप ने अपने चिकित्सालय और लैब पर बायो मेडिकल वेस्ट का निस्तारण करने के लिए अनुबंध किया है। इसमें कुछ सर्विस लेने से मना कर देते हैं। जबकि आए दिन नगर समेत जिलेभर की सड़कों पर अधिकांश अस्पताल व लैब संचालक बायो मेडिकल वेस्ट फेंक देते हैं।
इससे संक्रमण फैलने का खतरा रहता है। इसी माह सिनर्जी ग्रुप ने जिले के पांच अस्पतालों में बायो मेडिकल वेस्ट की सुविधा न लिए जाने पर कार्रवाई के लिए डीएम और सीएमओ को पत्र भेजा है।
स्वास्थ्य विभाग के विधिक सलाहकार हर्ष उदयचंद्रा ने बताया कि गुलावठी के सैदपुर रोड स्थित अंशुल हॉस्पिटल, डिबाई के रेलवे रोड स्थित पारस नर्सिंग होम व कादरी बाग स्थित लाइफ लाइन हॉस्पिटल, नगर की पुरानी जेल रोड स्थित प्राइम ईएनटी एंड डेंटल क्लीनिक व गिरी क्लीनिक में बायो मेडिकल वेस्ट की कोई व्यवस्था न होने पर विभाग की ओर से नोटिस भेजा जा रहा है। इसमें एक सेंटर बंद हो चुका है। सभी पर सिनर्जी ग्रुप का पेमेंट बकाया चल रहा है।
Iसिनर्जी कंपनी का पत्र मिलने पर संबंधित अस्पताल संचालक को नोटिस जारी किया है। नोटिस मिलने के बाद भी बायो मेडिकल वेस्ट का निस्तारण नहीं करते हैं तो संबंधित पर एक हजार रुपये प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना लगाया जाएगा। - डॉ. सुनील कुमार दोहरे, सीएमओI