11 झोलाछाप क्लीनिक संचालकों को थमाया नोटिस
बुलंदशहर। एक तरफ जहां वायरल बुखार का प्रकोप बढ़ने पर सरकारी से लेकर निजी अस्पतालों में मरीजों की भीड़ लग रही है तो वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने चार मौतें होने के बाद झोलाछाप चिकित्सकों पर कार्रवाई करनी शुरू कर दी है। मंगलवार को नगर और गुलावठी क्षेत्र में 11 क्लीनिक बिना पंजीकरण के संचालित मिलने पर संबंधित को नोटिस थमाया गया है।
एसीएमओ एवं नोडल अधिकारी डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि वायरल बुखार होने या अन्य बीमारी होने पर पंजीकृत चिकित्सक या सरकारी चिकित्सालय में उपचार कराएं। झोलाछाप से इलाज न कराएं। जिले में झोलाछाप चिकित्सकों पर कार्रवाई के लिए अभियान चलाया हुआ है। मंगलवार को नगर और गुलावठी क्षेत्र में अभियान चलाया गया। इस दौरान 11 क्लीनिक खुले मिले, जो पंजीकरण संबंधी दस्तावेज नहीं दिखा सकें। बताया कि संबंधित को पंजीकरण संबंधित दस्तावेज दिखाने के लिए समय दिया है। दस्तावेज न दिखाने पर संबंधित के क्लीनिक पर सिलिंग की कार्रवाई की जाएगी।
इन क्लीनिक संचालकों को थमाया गया नोटिस
नगर के कालाआम चौराहा स्थित ग्लैक्सी अस्पताल और गुलावठी में डॉ. नरेश कंसल, फरदीन अनवार, रोबिन सिंह, शोभा आनंद अस्पताल, शिफा क्लीनिक, सना क्लीनिक, डॉ. अब्दुल साबरी, कृष्णा डेंटल केयर, तनवीर क्लीनिक व मैक्स केयर अस्पताल आदि द्वारा बिना पंजीकरण के क्लीनिक/नर्सिंग होम का संचालन किया जा रहा है। इन सभी को नोटिस थमाया गया है।