बुलंदशहर। समान कार्य, समान वेतन की मांग को लेकर संविदा कर्मियों का कार्य बहिष्कार शुक्रवार को भी जारी रहा। लखनऊ में चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान विभिन्न मांगों पर सहमति बनने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
शनिवार से सभी संविदा कर्मी अपने कार्य स्थल पर लौटेंगे, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य होंगी और मरीजों को लाभ मिलेगा। उप्र राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि संविदा कर्मी 12 दिन से हड़ताल पर थे।
उन्होंने पहले कार्य स्थल और फिर सीएमओ कार्यालय पर धरना दिया था। इसके बाद 12 अक्तूबर से लखनऊ में आयोजित धरने में शामिल हुए। एनएचएम संविदा कर्मियों की हड़ताल से पीएचसी, सब सेंटर समेत अन्य स्वास्थ्य सेवाएं बाधित हुई थीं।
धरने में एमबीबीएस व आयुष चिकित्सक, लैब तकनीशियन, एएनएम, स्टाफ नर्स और डाटा एंट्री ऑपरेटर सहित कई प्रकार के कर्मी शामिल थे। शुक्रवार शाम को संगठन के प्रतिनिधिमंडल और शासन के प्रमुख सचिव व मिशन निदेशक स्तर के अधिकारियों के बीच बैठक हुई। बैठकों के बाद विभिन्न मुद्दों पर सहमति बनी और धरना समाप्त कर दिया गया। समान कार्य, समान वेतन की मांग पर वेतन नीति बनाने के लिए एक समिति का गठन किया जाएगा।