ईद-उल-फितर की नमाज अदा करने को लेकर बृहस्पतिवार को एनएच-91 और एनएच-235 पर सुबह 10 बजे तक रूट डायवर्ट रहेगा। गुलावठी और सिकंदराबाद में ईदगाह हाईवे किनारे हैं। नमाजियों की तादाद अधिक होने से हाईवे पर अकसर नमाज अदा होती है। इसलिए हाईवे पर रूट डायवर्जन रहेगा।
रूट डायवर्ट होने से गाजियाबाद और दिल्ली की ओर से आने वाला ट्रैफिक सिकंदराबाद के बाहर हाईवे से होकर बुलंदशहर और अलीगढ़ पहुंचेगा। बुलंदशहर से गाजियाबाद और दिल्ली जाने वाले वाहन भी इसी रूट से निकलेंगे। बुलंदशहर से गौतमबुद्धनगर जाने वाले वाहन सिकंदराबाद नगर से होकर जाएंगे। बता दें कि गौतमबुद्धनगर जाने वाले वाहनों के रास्ते में ईदगाह नहीं पड़ती है। वाहन दनकौर तिराहे पर पहुंचकर दनकौर रोड से गौतमबुद्धनगर पहुंचेंगे। एनएच-235 गुलावठी में सुबह 10 बजे तक वाहन पास नहीं होंगे। मेरठ और हापुड़ की ओर से आने वाले वाहनों को गुलावठी में रोक दिया जाएगा। बुलंदशहर से हापुड़ और मेरठ जाने वाले ट्रैफिक को ईदगाह से करीब एक किलोमीटर पहले रोकने के निर्देश जारी किए गए हैं।
...
सिकंदराबाद बाईपास पर होगी बेरिकेटिंग
वाहनों को सिकंदराबाद नगर में प्रवेश से रोकने के लिए बाईपास पर बेरिकेटिंग की जाएगी। भूड़ चौराहे पर भी बेरिकेटिंग की योजना ट्रैफिक पुलिस ने बनाई है।
...
ईद पर नमाजियों की सहूलियत को देखते हुए रूट डायवर्जन का निर्णय लिया गया है। गुलावठी और सिकंदराबाद में भीड़ अधिक होने पर रूट डायवर्ट रहेगा।
- अरुण कुमार यादव, एसडीएम सदर