बुलंदशहर। नई मंडी चौकी प्रभारी उप-निरीक्षक शिवम तोमर को जब्त पटाखों के अवैध वितरण से संबंधित वायरल वीडियो और अन्य शिकायतों के आधार पर चार्ज से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया है। इसके अलावा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कुल छह अन्य उप-निरीक्षकों का भी स्थानांतरण किया है। शिवम तोमर की जगह अब भूड़ चौकी प्रभारी हरेंद्र कुमार को नई मंडी चौकी का नया चार्ज सौंपा गया है।
शिवम तोमर पर आरोप था कि उन्होंने अवैध रूप से जब्त किए गए पटाखों को कथित तौर पर कुछ लोगों को बांट दिया जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। यह मामला एसएसपी स्तर तक पहुंचा, जिसके बाद उन पर गाज गिरी। शिवम तोमर के स्थानांतरण के साथ ही अन्य पांच उप-निरीक्षकों का भी तबादला किया गया है। जिनमें उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार को लाइन से थाना नरौरा, उपनिरीक्षक अनिल बाबू को भी लाइन से थाना अनूपशहर, उपनिरीक्षक कमल कुमार को भी लाइन से प्रभारी चौकी बगराई थाना खुर्जा देहात और उपनिरीक्षक अनिल कुमार को थाना ककोड़ से प्रभारी चौकी भूड़ थाना कोतवाली देहात बनाया गया है।