बुलंदशहर। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) रविवार को सात केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हो गई। परीक्षा में 84 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षार्थियों ने भौतिक विज्ञान से संबंधित प्रश्नों को कठिन बताया, जबकि जीव-विज्ञान और रसायन विज्ञान के प्रश्नों को कुछ आसान बताया।
एनटीए यानी नेशनल टेस्ट एजेंसी की ओर से कराई गई नीट जिले में दिल्ली पब्लिक, पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जैन इंटर कॉलेज सिकंदराबाद, आर्य कन्या इंटर कॉलेज चौक बाजार, मुस्लिम इंटर कॉलेज व आईपी पीजी कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया।
इन पर सुबह 11 बजे से ही परीक्षार्थी पहुंचना शुरू हो गए थे और दोपहर 1:30 बजे तक प्रवेश दिया गया। इसी के साथ परीक्षा केंद्रों पर अधिकारी तैनात हो गए। किसी भी छात्र-छात्रा को बिना तलाशी के परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया।
परीक्षा दोपहर निर्धारित दो बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई और शाम पांच बजे तक चली। सातों केंद्रों पर पंजीकृत 3240 परीक्षार्थियों में से 84 ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा में 3156 परीक्षार्थी शामिल हुए।
जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि परीक्षा सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। परीक्षा पर तैनात किए गए अधिकारियों के अलावा सीसीटीवी के माध्यम नजर रखी गई। मेडिकल कोर्सों में प्रवेश के लिए नीट प्रत्येक वर्ष होती है। इस परीक्षा को पास किए बिना मेडिकल कोर्स में प्रवेश नहीं मिलता है।
-
केंद्रों पर जाम की बनी स्थिति, लगी वाहनों की लाइन
परीक्षा खत्म होने पर नगर स्थित परीक्षा केंद्रों पर जाम की स्थिति बन गई। वाहनों की लंबी-लंबी लाइन लग गई। यह समस्या इसलिए भी बनी कि परीक्षार्थियों के अभिभावक व परिजन केंद्रों के आसपास अपने वाहनों के साथ खड़े हो गए। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था न होने के कारण परेशानी हुई। यह समस्या सबसे अधिक मुस्लिम इंटर कॉलेज व राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के पास ज्यादा देखने को मिली। करीब आधा घंटे तक यहां पर लोगों को जाम का सामना करना पड़ा।
मुस्लिम इंटर कॉलेज से नीट देकर वापस लौटते परीक्षार्थी व उनके अभिभावक। संवाद