पैगंबर-ए-इस्लाम के अपमान के खिलाफ मुस्लिम समाज का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को मुस्लिम समुदाय एक बार फिर सड़कों पर उतर आया।
उन्होंने काला आम पर नबी की शान में टिप्पणी करने के आरोपी हिंदू महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष कमलेश तिवारी का पुतला फूंका और फांसी की मांग की। मालूम रहे कि बीते शुक्रवार को भी मुसलमानों ने भूड़ा चौराहा जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया था।
सुबह करीब 10 बजे अखिल भारतीय मुस्लिम विकास मंच के बैनर तले मुस्लिम समुदाय का जन सैलाब धमैड़ा अड्डा पर जमा हुआ। विरोध में लोग हाथों में बैनर और तख्ती लिए हुए थे।
इस दौरान लोगों ने नारेबाजी की और जुलूस निकाला। जुलूस कली नदी रोड, डिप्टी गंज, मोती बाग होते हुए राजे बाबू पार्क में पहुंचा। काला आम पर फांसी की मांग करते हुए लोगों ने कमलेश तिवारी का पुतला फूंका।
मंच के प्रदेश महासचिव वसीम अहमद सिद्दीकी ने कहा कि कमलेश तिवारी ने नबी की शान में गुस्ताखी की है। गुस्ताखी बर्दाश्त करने लायक नहीं है। कमलेश तिवारी को फांसी की सजा मिलनी चाहिए।
इसके बाद जुलूस में शामिल लोग नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने डीएम को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा और कमलेश तिवार को फांसी पर लटकाने की मांग की। जुलूस में लोगों की तादाद अधिक थी, इसलिए काली नदी रोड, मोती बाग, काला आम चौराहा और कचहरी रोड पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही।
जुलूस के भारी संख्या में पुलिस बल मुस्तैद रहा। इस मौके पर कादिर, डॉ. कासिम, आसिफ, समीर सैफी, सोनू, फरमान, इमरान, परवेज, जावेद, मुस्ताक, इदरीश, शकील आदि मौजूद रहे।