घर से कॉपी खरीदने गए छठवीं के छात्र की गला रेतकर हत्या
नरसेना। गांव पाली आनंदगढ़ी निवासी कक्षा छह के छात्र हितेश की गला रेतकर हत्या कर दी गई। शव रविवार सुबह गांव से करीब दो सौ मीटर दूर एक खेत में पड़ा हुआ मिला। छात्र शनिवार शाम घर से दस रुपये लेकर कॉपी खरीदने के लिए निकला था। परिजनों ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस के हाथ भी कातिलों के बारे में कोई खास सुराग नहीं लगा है।
हितेश के राजमिस्त्री पिता अनिल ने बताया कि शनिवार को वह काम करने गए थे। पत्नी मायके गई हुई है। रात करीब आठ बजे वह लौटे तो 11 वर्षीय पुत्र हितेश घर पर नहीं था। परिजनों ने बताया हितेश घर से दस रुपये लेकर कॉपी खरीदने के लिए गया है। काफी देर तक भी हितेश घर नहीं लौटा। गांव में माता का जगराता होने की वजह से उन्होंने सोचा कि वहां गया होगा। इसके बाद परिजन सो गए। रविवार सुबह उसका शव गांव से करीब दो सौ मीटर दूर खेत में पड़ा हुआ मिला। गले पर धारदार हथियार से रेतने का निशान था। वारदात के बाद से परिजनों का रो-रोकर बेहाल हैं।
सूचना मिलने पर एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी, सीओ स्याना वंदना शर्मा भी मौके पर पहुंचकर परिजनों व अन्य लोगों से पूछताछ की है। छात्र की हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए अधिकारी सुबह से शाम तक गांव में डटे रहे। इस दौरान फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। डॉग स्क्वाड को भी बुलाकर पड़ताल की गई लेकिन अभी तक कोई कड़ी पुलिस के हाथ नहीं लगी है।
नहीं पहुंचा दुकान
परिजनों का कहना है कि हितेश घर से दस रुपये लेकर कॉपी खरीदने के लिए दुकान पर गया था। पुलिस ने जब दुकानदार से पूछताछ की तो जानकारी हुई कि हितेश दुकान पर पहुंचा ही नहीं। पुलिस को हितेश के पास से भी दस रुपये का नोट बरामद नहीं हुआ है।
मां लौटी तो मिला बेटे का शव
अनिल राजमिस्त्री का काम करता है। दो बड़ी बेटियां हैं। हितेश तीसरे नंबर का था, उससे छोटा एक और भाई है। छोटा भाई मां के साथ नानी के घर गया हुआ था। बताया गया कि हितेश की मां व पिता के बीच करीब एक माह पूर्व विवाद हो गया था। इसके बाद मां मायके चली गई थी। रविवार को बेटे की हत्या की सूचना रोते बिलखते गांव पहुंची। बार-बार अचेत हो रही थी।
मामले में विभिन्न पहलुओं पर जांच पड़ताल की जा रही है। तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही वारदात का राजफाश कर दिया जाएगा। - सुरेंद्र नाथ तिवारी, एसपी सिटी