थानाक्षेत्र के अमरपुर गांव में रविवार देर शाम बच्चे के साथ बाजार गए युवक की उसके चार साल के मासूम बेटे के सामने ही पंचायत चुनाव की रंजिश में चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक समेत कई थानों की फोर्स गांव में पहुंच गई।
अमरपुर गांव निवासी आरजू (24) अपने चार साल के पुत्र के साथ बाइक से बाजार जा रहा था। इसी बीच उसकी बाइक कासिब की दुकान के बाहर खड़ी एक दूसरी बाइक से टकरा गई। इससे गुस्साए कासिब ने आरजू से अभद्रता की। कहासुनी बढ़ती चली गई और कासिब ने चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार शुरू कर दिए। इससे घायल आरजू जमीन पर गिर पड़ा। आरोपी फरार हो गया जबकि आरजू ने मेरठ अस्पताल ले जाते समय रास्ते मेें दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि कई दिन पहले भी दोनों में कहासुनी हुई थी। हत्यारोपी और मृतक अलग-अलग प्रत्याशियों के समर्थक थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक समेत कई थानों की फोर्स गांव में पहुंच गई। गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी चाकूबाजी की वारदात कर चुका है। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस की तीन टीमें लगा दी गई हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उसके परिजन भी घर पर ताला लगाकर फरार हो गए हैं।
मासूम पापा को पुकारता रहा
वारदात के वक्त आरजू का बच्चा (4 वर्ष) भी उसके साथ था। आरोपी ने उसे बाइक से झटक कर दूर फेंक दिया था। इसके बाद आरजू पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। आसपास के लोगों ने बताया कि बच्चा दूर खड़ा पापा को पुकार कर रोता रहा। वारदात की सूचना पर पहुंचे परिजन बच्चे को अपने साथ ले गए। बच्चा वारदात से सदमे में है। परिवार में भी मातम पसरा हुआ है।