जिला अस्पताल में भर्ती किशोरी की हत्या का आरोपी टीकम।
- फोटो : BULANDSHAHR
नरौरा थाना क्षेत्र एक कस्बे में एक युवक ने 16 वर्षीय किशोरी को अपने बंद पड़े मकान में बुलाकर गला दबाया और फिर हथौड़े से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद युवक ने जहर खाया और नसें काटकर आत्महत्या की कोशिश करते हुए खुद ही एक दरोगा को फोन कर जानकारी दी। आरोपी ने वारदात से करीब डेढ़ घंटे पूर्व आरोपी ने किशोरी को अपनी प्रेमिका बताते हुए दो वीडियो और एक नोट फेसबुक पर अपलोड कर दिए। इनमें उसने किशोरी पर आरोप लगाते हुए उसकी हत्या के बाद आत्महत्या करने का एलान किया। आरोपी युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती बिजाऊ निवासी टीकम प्रजापति (23) ने शुक्रवार को एक किशोरी को अपने बंद पड़े मकान में बुलाया और उसके साथ बातचीत की दो वीडियो फेसबुक पर डाल दीं। साथ में चार पेज का एक नोट भी अपलोड करते हुए लिखा कि वह किशोरी की हत्या के बाद आत्महत्या करने जा रहा है। उसने किशोरी, उसकी मां और एक अन्य व्यक्ति पर खुद को ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया।
वीडियो और सुसाइड नोट वायरल होते ही लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस दीवार व गेट तोड़कर दोनों को अस्पताल ले गई जहां किशोरी को मृत घोषित कर दिया। युवक का उपचार चल रहा है। पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक नशे की हालत में है और उसके भी दोनों हाथों की नसें कटी हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने पहले किशोरी का गला दबाया और फिर हथौड़े से वार कर हत्या कर दी थी।
इसके बाद उसने खुद जहर खा लिया। पुलिस ने बहला-फुसलाकर ले जाने और हत्या करने की धाराओं में मामला दर्ज करते हुए किशोरी का शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। युवक के द्वारा किशोरी को अपने घर बुलाकर पहले गला दबाया गया और फिर उसके सिर पर हथौड़े से ताबड़तोड़ वार किए गए। जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में उसने खुद भी जहर खा कर आत्महत्या की कोशिश की है।
मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। - संतोष कुमार सिंह, एसएसपी